Homeअपना शहर ,
जल उपभोक्ता संथाओं का निर्वाचन 6 नवम्बर को कलेक्टर ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व

आयुक्त कमाण्ड क्षेत्र विकास संचालनालय द्वारा जारी आदेश के तहत ग्वालियर जिले में स्थित हरसी उच्च स्तरीय नहर प्रणाली से जुड़ीं 50 जल उपभोक्ता संथाओं का निर्वाचन 6 नवम्बर 2016 को होगा। इस दिन प्रात: 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक वोट डाले जायेंगे। जल उपभोक्ता संस्थाओं के अध्यक्ष एवं प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्य चुनने के लिये यह निर्वाचन होने जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय गोयल ने जल उपभोक्ता संस्थाओं का चुनाव सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन कर दिया है।

      जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर सी मिश्रा एवं उनका सहयोगी स्टाफ जिला निर्वाचन अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन करायेंगे। मतदान दलों के गठन की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय को सौंपी गई है। मतदान दलों के परिवहन एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिला दण्डाधिकारी श्री शिवराज वर्मा को दी गई है।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डबरा सह उप जिला निर्वाचन अधिकारी जल संसाधन निर्वाचन श्री अमनबीर सिंह बैंस अपने अनुविभाग क्षेत्र में आने वाले मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन, मतदान दलों को मतदान केन्द्र तक पहुँचाने के लिये रूट निर्धारण, मार्ग की दुरूस्ती, फर्नीचर व्यवस्था, स्ट्रांग रूम की स्थापना, मतदान सामग्री का वितरण, शिकायतों का निराकरण इत्यादि कार्य करायेंगे। साथ ही जल उपभोक्ता संथाओं के निर्वाचन निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिये सभी दायित्वों का निर्वहन भी करेंगे।

इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ग्वालियर ग्रामीण श्री एच बी शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व घाटीगाँव एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भितरवार श्री इकबाल अहमद अपने-अपने अनुविभाग क्षेत्र में उक्त सभी व्यवस्थायें संपादित करायेंगे। इन सभी अधिकारियों की मदद के लिये अन्य कार्यपालिक दण्डाधिकारी और सहयोगी स्टाफ की तैनाती की गई है।

डिप्टी कलेक्टर श्री गणेश जायसवाल को मतदान सामग्री व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त संचालक संभागीय योजना एवं सांख्यिकी श्री आर के झारिया को मतदाता सूची की चिन्हित प्रति तैयार करने एवं सारणीकरण की जवाबदेही दी गई है। कोषालय अधिकारी गोरखी श्री देवेन्द्र पालिया, मतपत्र मुद्रण, मत पेटी वितरण,वापसी एवं मानदेय वितरण संबंधी दायित्व का निर्वहन करेंगी।

Share This News :