Homeअपना शहर ,खास खबरे,
सोशल पुलिसिंग को बनाया जायेगा सशक्त

ग्वालियर । सोशल पुलिसिंग को स्ट्रांग बनाया जाए। समाज में 99 प्रतिशत लोग अमन पसंद हैं। इनका उपयोग एक प्रतिशत असामाजिक तत्वों को नियंत्रित करने में किया जाए। यह टिप्स कलेक्टर राहुल जैन और पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के राजस्व और पुलिस अधिकारियों को दिए। इस विशेष बैठक का आयोजन आगामी त्यौहारों और अगले वर्ष प्रारंभ होने वाली आम निर्वाचन प्रक्रिया के मद्देनजर किया गया।
बैठक में मुख्य वन संरक्षक विक्रम सिंह, एडीएम शिवराज वर्मा, एडिशनल एसपी दिनेश कौशल सहित सभी एसडीएम व सीएसपी, आबकारी, माइनिंग व वन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया की बढ़ती भागीदारी को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस और प्रशासन को सोशल पुलिसिंग पर विशेष फोकस करना चाहिए। समाज में चुनिंदा लोग ही अशांति फैलाने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों को पूर्व से ही चिन्हित कर उनके विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तेजी से की जाए। इसके साथ ही ऐसे सभी बिंदु जिनके कारण कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है, उन पर त्वरित कार्रवाई की जाना चाहिए। उन्होंने सड़क दुर्घटना, विस्फोटक सामग्री, अवैध शराब का विक्रय, शासकीय जमीन पर अतिक्रमण, बच्चों में नशाखोरी की लत सहित सभी थाना क्षेत्रों में आदतन नशा करने वालों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि आने वाले त्यौहारों का कैलेण्डर तैयार कर पुलिस अधिकारी अपना एक्शन प्लान तैयार करें, जिनमें पूर्व के अनुभवों को सम्मिलित करते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में आदतन अपराधियों और सूचीबद्ध नशा करने वालों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने शहर में विस्फोटक सामग्रियों को एकत्रित करने वाले स्थानों का निरीक्षण करने और अवैध भण्डारण करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार एसिड के खुले बाजार में विक्रय को प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह विक्रय केवल कलेक्टर द्वारा प्रदत्त लायसेंसधारी द्वारा ही किया जा सकता है। उन्होंने शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में समितियों का गठन करने के निर्देश दिए। साथ ही शांति समिति के सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

एक्सीडेंटल कमाण्ड सिस्टम बनाने के निर्देश
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में तेजी के साथ रेस्पोंस प्रदान करने के लिये जिले में एक्सीडेंटल कमाण्ड सिस्टम विकसित किया जाएगा। जिसमें फायरब्रिगेड, एम्बूलेंस, शव वाहिका, शहर के प्रमुख निजी और शासकीय चिकित्सालय के नम्बर एक साथ रखे जायेंगे। साथ ही इस सिस्टम में जिम्मेदार प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को भी जोड़ा जायेगा। जो किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत रिस्पोंस करेंगे। इसके लिये उन्हें किसी वरिष्ठ के निर्देश की आवश्यकता तत्काल नहीं होगी।

Share This News :