Homeअपना शहर ,खास खबरे,
जन अभियान परिषद ने विभिन्न गाँवों में पौधे रोपे

ग्वालियर। विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में जन अभियान परिषद द्वारा “पेड लगाओ-जनसंख्या घटाओ” अभियान के तहत विभिन्न ग्रामों में वृक्षारोपण कार्यक्रम व संगोष्ठियाँ आयोजित की गईं। मंगलवार को ग्राम लदवाया, समाया, पिपरो, खैरवाया व भारौली इत्यादि गॉवों में यह कार्यक्रम हुए। 
जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक सुशील बरूआ ने बताया कि विकासखण्ड भितरवार के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में 2000 और विकासखण्ड डबरा के अंतर्गत ग्रामीण अंचल में 1500 फलदार पौधे ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा रोपे गए। वृक्षारोपण कार्यक्रम स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व बीएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने प्रमुखता से हिस्सा लिया। 
इस अवसर पर ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि धरती माता पौधों से अपना श्रृंगार करती है। हम सबका कर्तव्य है कि अपने जीवनकाल में कम से कम पाँच पौधे लगाएँ और उनका संरक्षण भी करें। यह भी कहा जाता है कि एक वृक्ष 100 पुत्रों के समान होता है। इसलिये जनसंख्या के अनुपात में कम से कम पाँच गुने पौधे अवश्य रोपे जाने चाहिए। इन कार्यक्रमों में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक मुनेन्द्र शेजवार, भितरवार विकासखण्ड के समन्वयक मनोज दुबे, डबरा के समन्वयक सोहन सिंह भदौरिया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।

Share This News :