Home > देश विदेश ,
39 लापता भारतीयों का पता लगाने में मदद करेगा इराक, वीके सिंह इरबिल रवाना

नई दिल्ली.इराक ने भारत को भरोसा दिलाया है कि वो आईएस से जंग के दौरान लापता हुए 39 भारतीय नागरिकों को खोजने में भारत की मदद करेगा। बता दें कि रविवार को ही इराक सरकार ने एलान किया था कि उसने मोसुल शहर को आतंकी संगठन आईएस के कब्जे से छुड़ा लिया है। इन भारतीयों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए विदेश राज्यमंत्री वीके. सिंह खुद इराक रवाना हो गए हैं। क्या है मामला...

- इराक सरकार ने रविवार को एलान किया था कि 9 महीने तक चली जंग के बाद उसकी फौज ने मोसुल शहर को आईएस के कब्जे से छुड़ा लिया है। मोसुल पर 2014 से ही आईएस का कब्जा था। इस दौरान करीब 9 लाख लोगों को यह शहर छोड़ना पड़ा था।
- 2014 में ही 39 भारतीय इराक के इरबिल शहर से लापता हो गए थे। इनमें ज्यादातर पंजाब के रहने वाले हैं। आईएस ने इन्हें किडनैप कर लिया था। आईएस के कब्जे के दौरान इराकी फौज और सरकार भी इन भारतीयों को खोज नहीं सकीं।
- अब जबकि, मोसुल को आजाद करा लिया गया है तो भारत को उम्मीद है कि इन नागरिकों को खोजा जा सकता है। इसीलिए वीके सिंह इराक के इरबिल शहर गए हैं। पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने सोमवार को सुषमा स्वराज से इस मामले में दखल देने की अपील की थी।
फाॅरेन मिनिस्ट्री ने क्या कहा?
- फॉरेन मिनिस्ट्री के स्पोक्सपर्सन गोपाल बागले ने कहा- दुनिया आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हो रही है और ऐसे में मोसुल का आईएस के कब्जे से मुक्त होना खास है। भारत इसका स्वागत करता है।
- बागले ने कहा- जैसे ही हमें यह जानकारी मिली कि मोसुल को आजाद करा लिया गया है। हमने अपने नागरिकों की खोज के प्रयास शुरू कर दिए। इसके लिए कई चैनलों को एक्टिव किया गया है। इंडियन एम्बेसडर को खास ऑर्डर दिए गए हैं।
- सभी 39 लोगों को मोसुल के एक कारखाने से आईएस ने अगवा किया था। इन लोगों के जिंदा रहने पर कयास हैं लेकिन सरकार ने हमेशा कहा कि ये लोग जिंदा हैं।

Share This News :