Home > देश विदेश ,
जिनपिंग के साथ झूले पर मैं नहीं था: चीनी एम्बेसडर से मिलने के विवाद पर राहुल बोले

नई दिल्ली. बॉर्डर पर जारी तनाव के बीच राहुल गांधी की चीनी एम्बेसडर से हुई मुलाकात पर विवाद हो गया। कांग्रेस ने सोमवार को पहले तो इस बात से इनकार किया कि राहुल चीनी एम्बेसडर से मिले थे। लेकिन जैसे ही मामले ने तूल पकड़ा, पार्टी ने मुलाकात की बात कबूल कर ली। कांग्रेस के बयान बदलने से पहले चीन एम्बेसी ने भी पहले राहुल-एम्बेसडर की मुलाकात की पुष्टि अपनी वेबसाइट पर की, लेकिन बाद में इस स्टेटमेंट को साइट से हटा दिया। अब बीजेपी इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी को घेर रही है। वहीं, विवाद बढ़ने के बाद शाम को राहुल गांधी ने मोदी-जिनपिंग की एक फोटो ट्वीट करते हुए तंज कसा कि चीन के प्रेसिडेंट शी जिनपिंग के साथ झूला झूलने वाले शख्स वे नहीं थे। राहुल बोले- जानकारी रखना मेरा काम है...


- बता दें कि सिक्किम में भारत और भूटान को जोड़ने वाले एरिया में चीन सड़क बनाना चाहता है। भारत-भूटान इसका विरोध कर रहे हैं। करीब एक महीने से इस इलाके में दोनों देशों के सैनिक आमने-सामने हैं। भारतीय सेना ने चीन को जवाब देने के लिए वहां टेम्पररी तौर पर तंबू लगा दिए हैं।
- भारत सरकार इस मुद्दे को चीन के साथ बातचीत से डिप्लोमैटिक लेवल पर सुलझाने की कोशिश कर रही है।
- इस बीच, मीडिया में खबरें आईं कि कांग्रेस वाइस प्रेसिडेंट राहुल गांधी ने 8 जुलाई को इस मुद्दे पर चीन के एम्बेसडर लू झाओहुइ से मुलाकात की।
- कांग्रेस ने पहले इसे कुछ चैनलों की फेक न्यूज बताया। बाद में विवाद बढ़ा तो कहा- कांग्रेस प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट से कई एम्बेसडर्स और एन्वॉय वक्त-वक्त पर मिलते रहते हैं। मामले को तूल नहीं दिया जाना चाहिए।
राहुल ने क्या कहा?
- विवाद बढ़ने के बाद शाम को राहुल गांधी का बयान सामने आया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जानकारी रखना मेरा काम है। इसलिए मैं मिला। अगर सरकार मेरी और एम्बेसडर के बीच की मुलाकात से इतनी चिंतित है तो उसे यह साफ करना चाहिए कि सीमा विवाद के दौरान उसके तीन मंत्री चीन की मेहमाननवाजी में क्या कर रहे थे?
- राहुल ने यह भी कहा कि अहम मसलों पर पूरी जानकारी से रूबरू होना मेरे काम का हिस्सा है। मैं चीन के एम्बेसडर, पूर्व एनएसए, पूर्वात्तर के कांग्रेस नेताओं और भूटान के एम्बेसडर से इसी के चलते मिला था।
- राहुल ने मोदी-जिनपिंग की एक फोटो ट्वीट करते हुए लिखा- रिकॉर्ड के लिए बता दूं कि जब हजारों चीनी सैनिक फिजिकली भारत में घुस आए थे, तब (चीन के प्रेसिडेंट के साथ) झूले पर बैठने वाला शख्स मैं नहीं था।
- राहुल ने जो फोटो ट्वीट की, वह सितंबर 2014 की है। उस वक्त मोदी को पीएम बने कुछ ही महीने हुए थे। जिनपिंग भारत दौरे पर आए थे और गुजरात में साबरमती रिवर फ्रंट पर मोदी के साथ झूले पर बैठे थे।
बीजेपी ने क्या कहा?
- बीजेपी स्पोक्सपर्सन जीवीएल. नरसिम्हाराव ने कहा- सरकार मामले को डिप्लोमैटिक लेवल पर सुलझाने की कोशिश कर रही है। राहुल को आउट ऑफ टर्न जाने की आदत है। वो ये बताएं कि मीटिंग हुई भी थी या नहीं? पार्टी के एक और नेता गौरव भाटिया ने कहा- सभी पार्टियों को सरकार का साथ देना चाहिए।
कांग्रेस के दो अलग-अलग बयान
1) सोमवार सुबह
- कांग्रेस स्पोक्सपर्सन रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार सुबह इसे कुछ चैनलों की हरकत बताते हुए कहा- तीन यूनियन मिनिस्टर चीन गए थे, इनके बारे में सरकार क्या कहेगी? मोदी ने भी जी 20 के दौरान चीन की प्रेसिडेंट की तारीफ की थी। फॉरेन मिनिस्ट्री और आईबी ने यह (राहुल-एम्बेसडर मुलाकात) खबर प्लान्ट की है।
- बता दें कि कुछ दिनों पहले राहुल गांधी ने चीन के मुद्दे पर मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए थे।
2) सोमवार दोपहर
- सुरजेवाला ने ही दोपहर में दूसरा बयान दिया। इसमें पुष्टि की गई कि राहुल और चीनी एम्बेसडर के बीच मुलाकात हुई थी। कांग्रेस स्पोक्सपर्सन ने कहा- पार्टी प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट वक्त-वक्त पर कई एम्बेसडर्स और एन्वॉय से कर्टसी मुलाकात करते हैं। राहुल ने चीन ही नहीं, भूटान के एन्वॉय के अलावा पूर्व एनएसए शि‌व शंकर मेनन से भी मुलाकात की थी। इस मामले को तूल नहीं दिया जाना चाहिए।
- सुरजेवाला ने कहा- राहुल नेशनल इंटरेस्ट्स को जानते हैं और भारत-चीन के बीच तनाव से चिंतित हैं।
- एक और प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि मैं यह पूछना चाहता हूं कि प्रकाश जावड़ेकर, जेपी नड्डा और मिनिस्टर अॉफ कल्चर चीन में क्या कह रहे थे? उसी वक्त प्रधानमंत्री चीन के प्रेसिडेंट से जी-20 में क्यों मिल रहे थे?
एम्बेसी ने डिलीट की पोस्ट
- राहुल की चीनी एम्बेसडर से मुलाकात हुई या नहीं? इसको लेकर सस्पेंस गहरा गया है। दरअसल, रिपब्लिक टीवी ने अपनी वेबसाइट पर चीन एम्बेसी की वेबसाइट का वो स्टेटमेंट पब्लिश किया जिसमें मुलाकात की जानकारी दी गई थी।
- इसमें टि्वस्ट तब आया जब एम्बेसी ने बाद में मुलाकात पर दिए गए अपने ऑफिशियल स्टेटमेंट को वेबसाइट से हटा दिया। अब वहां पेज ना होने का मैसेज नजर आ रहा है।

Share This News :