Homeअपना शहर ,खास खबरे,
हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये सभी प्रबंध सुनिश्चित करें – कमिश्नर

* हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ आयुक्त एवं आईजी ने की बैठक 
ग्वालियर । नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये प्रभावी कार्रवाई की जाना चाहिए। दुर्घटना संभावित क्षेत्र को चिन्हित कर उन पर साइनबोर्ड लगाने की कार्रवाई की जाए। यह निर्देश संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने आज नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों की बैठक में दिए। बुधवार को मोतीमहल के मानसभागार में आयोजित बैठक में पुलिस महानिरीक्षक  à¤…निल कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, एसडीओ पीआईयू ग्वालियर अंकुर श्रीवास्तव, संतोष सिंह ठाकुर, एनएचएआई पीआईयू गुना आर सी गुप्ता, एनएचएआई शिवपुरी सुश्री प्रतिमा गुप्ता, मनोज, एनएचएआई ग्वालियर श्री मनोज जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 
संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने कहा कि आगरा-झाँसी हाईवे और ग्वालियर-गुना हाईवे पर जिन-जिन स्थानों पर आवश्यकता है, उन पर साइनबोर्ड लगाए जाएँ। इसके साथ ही यातायात जहाँ भी परिवर्तित किया जा रहा है, वहाँ पर साइनबोर्ड लगाने की कार्रवाई अनिवार्यत: की जाए। हाईवे पर संभावित दुर्घटना स्थल का चयन कर बोर्ड, रैलिंग आदि लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हाईवे पर छोटे-मोटे सुधार कार्य भी तत्काल कराने की कार्रवाई की जाए। संभागीय आयुक्त रूपला ने कहा कि ग्वालियर-झाँसी मार्ग निर्माण कार्य के समय ही यातायात डायवर्सन क्षेत्र के साथ ही मोड़, पुलिया आदि स्थान पर साइनबोर्ड लगाने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात डायवर्ट करने पर डायवर्ट स्थल पर बैरीकेटिंग और बड़ा बोर्ड लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। 
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि घाटीगाँव और मोहना में यातायात डायवर्ट किया गया है, इन स्थानों पर यात्रियों के लिये कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है। इस कारण से यात्री परेशान होते हैं। ऐसे सभी स्थानों पर बोर्ड लगाने की कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने कहा कि सड़क निर्माण के समय ही साइन बोर्ड लगाने का प्रावधान रहता है। निर्माण के समय बोर्ड न लगाना नियम का उल्लंघन है। हाईवे अथॉरिटी निर्माण एजेन्सी के माध्यम से बोर्ड लगाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि ग्वालियर-गुना मार्ग और ग्वालियर-झाँसी मार्ग पर बोर्ड लगाने की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई और तेज गति से कराई जायेगी। 
 
स्कूल बसों का होगा परीक्षण 
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये परिवहन विभाग द्वारा शहर की सभी स्कूल बसों के परीक्षण का कार्य किया जा रहा है। परीक्षण के दौरान बसों की फिटनेस, कांचों पर ग्रिल, फायर सेफ्टी और फस्टेक बॉक्स की भी जांच की जा रही है।  15 जुलाई तक शहर की सभी स्कूल बसों का परीक्षण किया जायेगा। स्कूल संचालकों से भी कहा गया है, अपने-अपने स्कूलों की बसों को व्यवस्थित रखें। इसके साथ ही इनके वाहन चालक पूरी तरह से दक्ष हों, यह सुनिश्चित किया जाए। बसों में सुरक्षा के सभी प्रबंध स्कूल संचालक करें। 
 
ट्रेक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगेंगे 
सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत सभी ट्रेक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने की कार्रवाई की जायेगी। बैठक में परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि मंडी सचिव से समन्वय कर मंडी में आने वाले सभी ट्रेक्टर ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिवहन अधिकारी एस पी एस चौहान ने आश्वस्त किया कि मंडी सचिव से समन्वय स्थापित कर मंडी में आने वाले सभी ट्रेक्टर ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगवाने की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ की जायेगी।

Share This News :