Home > देश विदेश ,slider news,
भारत-इजरायल में हो सकती है 13 हजार करोड़ रु. की डिफेंस डील

तेल अवीव.नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे पर दुनियाभर की नजरें हैं। इजरायली पीएम ने भी दौरे को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस दौरान दोनों देशों के बीच डिफेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर, वाटर, इनोवेशन और साइबर सिक्युरिटी को लेकर कई समझौते हो सकते हैं। इजरायली मीडिया के मुताबिक, भारत और इजरायल के बीच 13 हजार करोड़ रुपए की डिफेंस डील होने की उम्मीद है। इसमें एंटी टैंक मिसाइल स्पाइक और एयर डिफेंस मिसाइल बराक-8 की खरीद शामिल है। समझौते के बाद 2 साल में इजरायल भारत को 8000 स्पाइक मिसाइलें देगा। यह सौदा 3237 करोड़ रुपए का होगा। हाल ही में भारत ने इजरायल से जमीन से हवा में मार करने वाली बराक मिसाइलें खरीदने के लिए दो बिलियन डॉलर का समझौता किया है। साथ ही गंगा, सिक्युरिटी और वाटर समेत 7 मुद्दे मोदी के एजेंडे में शामिल हैं। इस मुलाकात के क्या मायने हैं...

- नेतन्याहू, मोदी के जरिए दुनिया को यह मैसेज देना चाहते हैं कि इजरायल की स्वीकार्यता बढ़ रही है। इस मुलाकात के तीन मायने है।
1. डिप्लोमेसी- नेतन्याहू अपनी कोशिशों के जरिए इजरायल की जनता को बताना चाहते हैं कि उनकी लीडरशिप में देश मजबूत हो रहा है। चीन और भारत जैसे देश यहां तक कि अरब मुल्कों तक भी उनकी पहुंच बन रही है।
2. डिफेंस- रूस और अमेरिका के बाद इजरायल हमारा सबसे बड़ा आर्म एक्सपोर्टर देश है। इजरायल सबसे ज्यादा हथियार भारत को बेचता है। कुल एक्सपोर्ट का 40%। बीते तीन सालों में दोनों देशों के बीच 26 हजार करोड़ रुपए की डिफेंस डील्स हुई हैं।
3. बिजनेस- 25 साल में 1295 करोड़ रुपए से बढ़कर कारोबार 32 हजार करोड़ रुपए हो गया है। इजरायल के इकोनॉमिक मिनिस्टर कोहेन के मुताबिक, भारत में 1.3 अरब कंज्यूमर हैं। 30 करोड़ हाई और मिडिल क्लास से हैं, जिनकी परचेजिंग पावर वेस्ट कंट्रीज की तरह है।
मोदी के एजेंडे में 7 मुद्दे
- मोदी और नेतन्याहू के बीच दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने, टेररिज्म, साइबर सिक्युरिटी, पानी और व्यापार जैसे 7 मसलों पर चर्चा हो सकती है। एक इजरायली ऑफिशियल ने कहा, "पाकिस्तान से भारत में फैल रहे आतंकवाद के खिलाफ लड़ने में इजरायल पूरी मदद करेगा। भारत को आतंकवादियों से खुद की हिफाजत करने का पूरा हक है।"
1) ज्वाइंट फंड
- इजरायल की कैबिनेट ने रविवार को इंडो-इजरायल रिश्तों को मजबूत बनाने के फैसले को मंजूरी दी। इसमें 40 मिलियन डॉलर करीब 2.59 अरब रुपए का ज्वाइंट फंड बनाने की बात कही गई है। फंड का इस्तेमाल इजरायल-भारत का बिजनेस में कॉरपोरेशन बढ़ाने, एग्रीमेंट्स की मंजूरी, इजरायल में शूटिंग करने वाले बॉलीवुड फिल्ममेकर्स को बढञावा देने, टूरिज्म, वाटर एंड एग्रीकल्चर के ज्वाइंट प्रोजेक्ट को प्रमोट करने में किया जाएगा।
2) गंगा
- उम्मीद की जा रही है कि मोदी की विजिट के दौरान गंगा की सफाई के लिए यूपी सरकार के साथ डील पर साइन हो सकते हैं। इसके अलावा इंडस्ट्रियल रिसर्च एंड डेवलपमेंट के लिए 2.59 अरब रुपए का फंड बनाया जा सकता है।
3) साइबर सिक्युरिटी
- दुनिया में बढ़ते हुए साइबर अटैक्स को देखते हुए भारत और इजरायल साइबर सिक्युरिटी में सहयोग बढ़ाने के लिए बातचीत करेंगे।
- नेतन्याहू ने साइबर वीक कॉन्फ्रेंस में कहा, "पहले ये कहना डिसएडवांटेज समझा जाता था कि आप इजरायल से हैं। आज जब आप साइबर और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी के बारे में बात करते हैं तो ये आपका ये कहना कि आप इजरायली कंपनी हैं... एक एडवांटेज माना जाता है। पूरी दुनिया हमें चाहती है, पूरी दुनिया यहां आ रही है। अगर हम 2016 के आंकड़ों को देखें तो दुनिया में साइबर सिक्युरिटी इन्वेंस्टमेंट का 20% हिस्सा इजरायल शेयर करता है।"
- नेतन्याहू नेशनल साइबर डिफेंस अथॉरिटी की स्थापना के लिए खुद को क्रेडिट देते हैं। ये सरकार, प्राइवेट सेक्टर और दूसरी ऑर्गनाइजेशन की इन्फॉर्मेशन को साइबर हमलों से बचाने के लिए काम करती है।
4) वाटर
- इजरायल की फॉरेन मिनिस्ट्री ने कहा कि मोदी की विजिट बेहद अहम है। मोदी ने इजरायली न्यूज पेपर इजरायल हायोम को एक इंटरव्यू दिया था। जिसमें मोदी ने इजरायल की तारीफ की थी कि जिस देश के पास कभी पानी की कमी हुआ करती थी, उसने अपने आपको आज पानी से संपन्न देश बना लिया है।
5) टेररिज्म
- नरेंद्र मोदी ने विजिट से पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, "हमारी पार्टरनरशिप को लेकर गहराई से नेतन्याहू के साथ चर्चा होगी। कई सेक्टर्स में दोनों देशों के साझा फायदों और मजबूती के लिए चर्चा होगी। दोनों देशों के सामने टेररिज्म बड़ी चुनौती है। इस पर भी हम चर्चा करेंगे।"
- इजरायल फॉरेन मिनिस्ट्री डिप्टी डायरेक्टर जनरल मार्क सोफर ने कहा, "इजरायल और भारत दोनों ही आतंकवाद की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हमास और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठन एक-दूसरे से अलग नहीं हैं। दोनों देशों को अपनी हिफाजत का हक है।"
6) लोगों को लोगों से जोड़ना
- मोदी ने कहा, "वाटर एंड एग्रीकल्चर सेक्टर्स में सहयोग बढ़ाने के अलावा भारत और इजरायल इस पर चर्चा करेंगे कि दोनों देशों के लोगों को आपस में जोड़ने के क्या रास्ते हो सकते हैं, उसे मजबूत कैसे किया जा सकता है। इसमें एअर कनेक्टिविटी और इन्वेस्टमेंट शामिल है।"
7) स्पेस डिस्क्राइबिंग इंडियन स्पेस सैटेलाइट
- इजरायल स्पेस एजेंसी एजेंसी के डायरेक्टर जनरल आवी ब्लासबर्गर ने कहा, "हमारा देश भारतीय लॉन्चर्स के जरिए स्पेस में और ज्यादा सेटेलाइट भेजने के बारे में सोच रहा है। हम ऐसे और एग्रीमेंट्स साइन करने जा रहे हैं। हमारे और ISRO के बीच एक कॉपरेशन एग्रीमेेंट होना है और हम इस पर नरेंद्र मोदी की विजिट के दौरान साइन करेंगे।
- इसरो अभी तक 84 स्पेसक्राफ्ट मिशन और 59 लॉन्च मिशन को अंजाम दे चुका है। स्पेस एजेंसी ने कुछ और मिशन प्लान किए हैं, इनमें चंद्रयान-2 और आदित्य स्पेसक्राफ्ट भी शामिल है।

Share This News :