Homeअपना शहर ,खास खबरे,
वर्तमान दौर में स्व-सहायता समूहों के लिये अपार संभावनायें – कलेक्टर

ग्वालियर । वर्तमान दौर में स्व-सहायता समूहों के लिये अपार संभावनायें हैं। इन समूहों से जुड़ीं महिलायें एवं उनके परिवार विकास की नई इबारत लिख सकते हैं। जरूरत उन्हें थोड़ी सी सहायता के जरिए रास्ता देने की है। यह बात कलेक्टर राहुल जैन ने कही। जैन राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा स्व-सहायता समूह – बैंक संयोजन के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद हितधारियों को संबोधित कर रहे थे।
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुए कार्यक्रम में जैन ने कहा कि स्व-सहायता समूहों को छोटे बच्चों की तरह सहयोग देने की जरूरत होती है। बैंकों की जिम्मेदारी है कि आर्थिक मदद के लिये स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा देश में ऐसे कई उदाहरण हैं जहाँ राष्ट्रीय ग्रामीण व शहरी आजीविका मिशन (एनआरएलएम एवं एनएलयूएम) से जुड़े समूहों ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। अच्छे स्व-सहायता समूहों की ऋण वापसी भी आश्चर्य जनक रूप से शतप्रतिशत तक रही है। जैन ने कहा कि सेवा और निर्माण क्षेत्र दोनों में स्व-सहायता समूह अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि बैंकर्स भी आत्मावलोकन करें कि बीते 25 वर्षों में हमने स्व-सहायता समूहों के गठन में क्या खोया और क्या पाया है। उन्होंने कहा एनआरएलएम के समूहों को प्रधानमंत्री आवास योजना स्कीम से भी जोड़ा जा सकता है, इससे समूह भी आत्मनिर्भर बनेंगे और आवास निर्माण का काम भी तेजी से होगा। जैन ने बैठक में मौजूद बैंकर्स से कहा प्रदेश सरकार ने अब कैलेण्डर वर्ष के मान से वित्तीय वर्ष लागू करने का फैसला किया है। इसलिये 31 दिसम्बर तक योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति करनी होगी। उप महाप्रबंधक सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एम के श्रीवास्तव ने बैंकों की तरफ से सरकारी योजनाओं में शतप्रतिशत लक्ष्यपूर्ति का भरोसा दिलाया। पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख पी के जैन ने कहा कि उनका बैंक बड़े पैमाने पर स्व-सहायता समूहों को ऋण मुहैया करायेगा। कार्यक्रम में रीजनल मैनेजर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक जे एस कुशवाह सहित अन्य बैंकों के समन्वयक व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक नाबार्ड संजीव रमन ने किया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में नाबार्ड द्वारा मनाए जा रहे एसएचजी पखवाड़ा व अन्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। अंत में लीड बैंक प्रबंधक डी के जैन ने सभी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

Share This News :