Homeअपना शहर ,खास खबरे,
रेलवे ओव्हरब्रिज के क्षतिग्रस्त मार्ग को छोड़कर हाईवे पर दोनों ओर से यातायात जारी रखें : रूपला

कमिश्नर और आईजी ने गत दिवस हुई दुर्घटना स्थल का अवलोकन किया
ग्वालियर । नेशनल हाईवे-75 पर ग्राम बरौआ के पास स्थित रेलवे ओव्हरब्रिज के क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को छोड़कर हाईवे के दोनों ओर से यातायात जारी रखा जाए। यह निर्देश संभाग आयुक्त एस एन रूपला ने रविवार को हुई ट्रक व ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना स्थल के निरीक्षण के दौरान दिए। उनके साथ ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, एडीएम शिवराज वर्मा, नेशनल हाईवे के अधिकारी उपस्थित थे।
संभाग आयुक्त ने गत दिवस हुई दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हाईवे पर इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिये कड़े प्रबंध करने की आवश्यकता है। दुर्घटना स्थल पर क्षतिग्रस्त हुए रेलवे ओव्हरब्रिज के सड़क मार्ग को तुरंत ठीक कराया जाए और इसके संबंध में अगर रेलवे विभाग से किसी प्रकार के सहयोग या समन्वय की आवश्यकता हो तो उसके प्रयास भी शीघ्रता के साथ किए जाएँ। पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने मेन क्लोजर लैंथ को कम करने का सुझाव भी दिया। उल्लेखनीय है कि बामोर के आगे नए बाइपास हाईवे किलोमीटर 103 एन-एच से शुरू होकर किलोमीटर 16.0 एन-एच-75 पर खत्म होता है। रेलवे ओवरब्रिज का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से एक हिस्सा वन-वे ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वन-वे ट्रैक होने के कारण यातायात भी बढ़ा हुआ है।

पीड़ितों को दी गई सेवाओं की आयुक्त ने की प्रशंसा
दुर्घटना में घायल मरीजों के उपचार में तत्परता और सक्रियता से मरीजों को तत्काल उपचार मिला वहीं पीड़ित के परिजनों को चिकित्सक की सहानुभूति और तत्परता से की गई चिकित्सकीय सेवा से राहत मिली है। चिकित्सक का कार्य मानव सेवा से जुडा हुआ है। किसी भी दुर्घटना से पीड़ित को चिकित्सक भगवान की तरह नजर आता है। चिकित्सक की समय पर की गई कार्रवाई से अनेकों लोगों को जीवन मिला है। ग्वालियर के पुरानी छावनी स्थित निरावली तिराहे पर हुई दुर्घटना में घायलों का चिकित्सकों द्वारा तत्परता से उपचार किया गया। चिकित्सकों द्वारा की गई चिकित्सीय सेवा और तत्परता की तारीफ की जाना चाहिए।
संभागीय आयुक्त एस एन रूपला ने दुर्घटना के पश्चात चिकित्सीय सेवा से जिन-जिन चिकित्सकों ने अपने कर्तव्य पर उपस्थित रहकर पीड़ितों का उपचार किया है, उनको बधाई दी। उन्होंने कहा है कि चिकित्सकों ने तत्परता से सराहनीय कार्य किया है। सभी चिकित्सक भविष्य में भी इसी प्रकार की तत्परता से पीड़ितों का उपचार करें और पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता का भी परिचय देते रहेंगे।

हाईवे मार्ग पर यातायात की बेहतर व्यवस्था हेतु बैठक 5 जुलाई को
संभाग आयुक्त रूपला ने बताया कि वर्षाकाल के दौरान संभाग में हाईवे मार्ग की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिये एक बैठक का आयोजन 5 जुलाई को मानसभागार मोतीमहल में किया गया है। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ग्वालियर, गुना, शिवपुरी के प्रोजेक्ट डायरेक्ट लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

फोरेस्ट की टास्क फोर्स समिति की बैठक 5 जुलाई को
इसके पूर्व 5 जुलाई को दोपहर 12 बजे मानसभागार मोतीमहल में फोरेस्ट विभाग की टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता ग्वालियर संभाग के कमिश्नर शिवनारायण रूपला करेंगे। बैठक में ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा, ग्वालियर और शिवपुरी के मुख्य वन संरक्षक, सभी जिलों के वन मण्डलाधिकारी मौजूद रहेंगे।

Share This News :