Home > देश विदेश ,slider news,
प्रधानमंत्री आवास योजना: 2 लाख मकान-31लाख आवेदन, जानें कब आएगा आपका नंबर

लखनऊ.प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर प्राप्त करने के ल‍िए यूपी में 2 लाख मकानों के लिए 31 लाख लोगों ने आवेदन क‍िया है। सरकार की घोषणा के अनुसार, हर साल सिर्फ 2 लाख लोगों को ही मकान दिए जाएंगे। बाकी बचे लोगों को आगे के सालों में दिया जाएगा। साथ ही, जो आवेदन लगातार आ रहे हैं, उन्हें भी शामिल किया जाएगा।

- बता दें, प्रधानमंत्री आवास योजना में हर गरीब शहरी व्यक्ति को घर देने की बात कही गई है, जिसमें 2 लाख 50 हजार रुपए की सरकारी सब्सिडी दी जाएगी।
- सीएम योगी ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर साल 2 लाख मकान बनाकर हर शहरी और ग्रामीण गरीब को देंगे।
- कुल मकान की लागत 3 लाख 40 हजार आएगी, जिसमें से 1 लाख रुपए स्थानीय राज्य सरकार देगी और 1 लाख 50 हजार रुपए केंद्र सरकार देगी। बाकी की लागत उस व्यक्ति को देनी होगी, जो घर लेगा।
- सीएम ने स्टेट अरबन डेवलपमेंट एजेंसी (सूडा) के माॅडल को पसंद करते हुए कहा था, हम हर साल मकानों की संख्या को बढ़ाएंगे और सभी को मकान देंगे।
- फिलहाल 2 लाख मकानों को बनाने पर फोकस है। हमारे पास आवेदन की छटनी का काम चल रहा है। क्योंकि बहुत सारे लोगों ने आॅनलाइन और आॅफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन किया है।
- हमारे पास 31 मार्च 2017 तक 31 लाख 50 हजार 55 लोगों के आवेदन आए हैं। आॅनलाइन और आॅफलाइन दोनों प्रकार के आवेदन करने वालों की संख्या करीब 25 फीसदी है। इसके अलावा कई ऐसे लोग भी हैं, जो पात्र नहीं हैं। उनकी संख्या भी करीब 15 फीसदी तक है।
- ऐसे में 31 मार्च तक आए आवेदनों में 31 लाख में से एक तरह से 40 फीसदी लोग अपात्र हो जाएंगे। इसके बाद लगभग 18 लाख आवेदन बचेंगे। अब ऐसे में हम सभी की लिस्टिंग करके उनकी डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेज देंगे।
- फिर अप्रूवल मिलते ही उसपर काम शुरू हो जाएगा। हर साल 2 लाख मकान देने का टारगेट मिला है। हम उस पर काम करेंगे। बनाई गई लिस्ट में जिनको इस साल नहीं मिल पाएगा, उन्हें आगामी सालों में मकान दिए जाएंगे।
- थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंक 2 लाख के हिसाब से लगभग हमें इस लिस्ट को मकान देने में कम से कम 2 से 3 साल का वक्त भी लग सकता है। फिर और भी आवेदन लगातार आ रहे हैं, उन्हें भी कम्पाइल करेंगे।
- अभी कई बैंकों से भी बात की जा रही है, जिसमें क्रेडिट लिंक पाॅलिसी के तहत जो पात्र पाए जाएंगे, उनके होम लोन में ही 2 लाख 50 हजार रुपए सब्सिडी वाले दे देंगे। इससे उन्हें योजना का फायदा मिलेगा।
कब आएगा आपका नंबर?
- पूर्व आईएएस और ब्यूरोक्रेसी के एक्सपर्ट एसपी आर्या ने कहा, इस योजना का फायदा वाकई में गरीबों को मिलेगा। सरकार के पास बजट की कमी न पहले थी और जीएसटी के बाद तो और भी नहीं होगी।
- हालांक‍ि, एक साल में 2 लाख मकान बनाकर दे पाना मुश्किल है। इसमें सरकार के पास अभी लैंड एक्वीजिशन में ही समय लगेगा। फिर बनवाने में कम से कम एक बिल्डिंग को 16 महीने का वक्त तो लगेगा ही। ये एक साल में हो पाना मुश्किल है।
- वहीं, जिस तरह से 31 लाख आवेदन आए हैं, मान लीजिए क‍ि 18 लाख को ही घर देना है तो ये 4 सालों में भी असंभव है। यूपी के नगर विकास, आवास विकास, अन्य प्राधिकरण भी लग जाएंगे तो भी 4 सालों में 18 लाख मकान बनाकर लोगों को नहीं दे पाएंगे। इस पूरी योजना में बहुत सारे लूप लाइन है।
- आवेदन लगातार अभी भी आ रहे हैं, आते रहेंगे और सबको मकान देना है। अब ऐसे में ये छंटनी के बाद वाले 18 लाख आवेदनों को इनके 4 पाॅलिसी के तहत भी आधा-आधा बांट दें, तो भी 2 लाख मकान हर साल के हिसाब से बनाने में कम से कम 4 साल लगेंगे।
- वर्तमान में आवेदन करने वाले व्यक्ति का नंबर आने में 5 साल भी लग सकते हैं। अब अगर मकान बनाने का काम बिल्डर्स या ठेकेदारों को दे दिया तो कोई 2 साल में तैयार कर देगा तो कोई 5 साल में भी नहीं कर पाएगा। मकान की क्या क्वॉलिटी होगी, ये सोचने वाली बात है।
- यूपी के अधिकारी रिकॉर्ड तो किसी भी चीज का बना सकते हैं। जरूरत पड़ी तो कागजों पर बिल्डिंग खड़ी हो जाएंगी, जैसे पिछले कुछ सालों से एलडीए के अधिकारी कर रहे हैं।
- जैसे 5 करोड़ पेड़ एक दिन में लगाकर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और अब योगी जी 6 करोड़ लगवाएंगे। यहां के ब्यूरोक्रेट्स कोई भी रिकॉर्ड आसानी से बना सकते हैं।
कौन होगा पात्र?
- अतुल चौहान ने बताया, ईडब्ल्यूएस में मल्टी लेवल बिल्डिंग में घर पाने वाले व्यक्ति की सालाना कुल पारिवारिक इनकम ज्यादा से ज्यादा 3 लाख होनी चाहिए। 3 लाख सालाना से ज्यादा पाने वाले व्यक्ति इसके पात्र नहीं होंगे।
- इसके अलावा एलआईजी घरों के लिए सालाना पारिवारिक इनकम 3 लाख से 6 लाख के बीच होनी चाहिए। 6 लाख साल से अधिक इनकम होने पर व्यक्ति को अपात्र करार दिया जाएगा।
- किसी व्यक्ति के घर में जो महिला होगी, घर उसी महिला के नाम पर होगा। किसी पुरूष के नाम पर मकान का कब्जा या रजिस्ट्री नहीं कराई जाएगी।
- एक परिवार को एक ही घर दिया जाएगा, यदि किसी अन्य योजना में उनके पास मकान या घर है, तो उनको इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
- यदि किसी प्रकार से कोई व्यक्ति जिनके घर या मकान कहीं भी हैं या वो श्रेणी के अपात्र हैं और मकान लेने के लिए अप्लाई कर रहे हैं तो ऐसे लोगों के आवेदन अपनेआप निरस्त हो जाएंगे।

कैसे मिल सकता है प्रधानमंत्री आवास योजना में घर, कैसे करें रजिस्ट्रेशन
- प्रधानमंत्री आवास योजना की वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहीं से आॅनलाइन फॉर्म भरकर जमा करने के बाद सारे पेपर्स को स्कैन कराकर अपलोड करना होगा। फिर मिले स्लिप को अपने पास रखना होगा अथवा आॅफ लाइन आवेदन भी नजदीकी सूडा अथवा ड‍िस्ट्रि‍क अरबन डेवलपमेंट एजेंसी (डूडा) कार्यालय में जाकर कर सकते हैं।
- सूडा मिले हुए सभी आवेदनों को उनकी पात्रता की जांच करने के बाद रैंडम्ली सेलेक्ट करके उनकी लिस्ट आॅनलाइन और आफॅलाइन डाल दी जाएगी।
- सेलेक्टेड लोगों की लिस्ट को विज्ञापन और अन्य प्रकाशनों के माध्यम से प्रकाशित की जाएंगी, ताक‍ि किसी प्रकार की किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति‍ हो तो वो इसकी शिकायत सूडा केंद्र में कर सकता है।
- इस प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची बनाकर आॅनलाइन जारी कर दी जाएगी।
- साथ ही सभी के लिए डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र की स्वीकृति के बाद इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।

Share This News :