Home > देश विदेश ,slider news,
1 लाख कंपनियों का रजिस्ट्रेशन रद्द, इनका लेनदेन शक के घेरे में था: मोदी

नई दिल्ली.नरेंद्र मोदी ने गुड्स एंड सर्विसेस टैक्स (GST) की देशभर में लॉन्चिंग के बाद शनिवार को पहली बार स्पीच दी। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के बीच पहुंचे मोदी ने कहा, ''बही को सही करने वाले मेरे साथियो! कोई भी देश बड़े से बड़े संकट से खुद को उबार कर सकता है। मेरी और आपकी देशभक्ति में कोई कमी नहीं है।'' मोदी ने यह भी कहा, '' आपकी देशभक्ति मेरी देशभक्ति से जरा भी कम नहीं है। मैं आज पहली बार ये बातें बता रहा हूं। 3 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड कंपनियां ऐसी सामने आई हैं जिनका सारा लेनदेन शक के घेरे में है। सवालों के घेरे में है। उन पर सवालिया निशान लगा है।" मोदी ने क्या अहम बातें कहीं...

- मोदी ने दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में नरेंद्र मोदी चाटर्ड अकाउंट्स-डे के मौके पर स्पीच दी। उन्होंने यहां न्यू चार्टर्ड अकाउंटेंट कर्रिकुलम का विमोचन भी किया।
- उनसे पहले अरुण जेटली ने इसी प्रोग्राम में कहा- मुझे मोदी जी के आने तक बोलना है। यानी मेरा रोल यहां क्रिकेट के नाइट वॉचमैन जैसा है।
- मोदी ने कहा, ''मेरे प्यारे साथियों। जो प्यार आप मुझपर बरसा रहे हो, हौसला बढ़ा रहे हो, ये आपका प्यार ही है, जो मुझे आज दिल खोलकर कुछ बातें करने के लिए प्रेरित कर रहा है। मेरी और आपकी देशभक्ति में कोई कमी नहीं है। जितना मैं देश आगे बढ़ाना चाहता हूं, उतना ही आप भी चाहते हैं। लेकिन, कुछ सच्चाइयां हैं, जो कभी-कभी सोचने के लिए मजबूर करती हैं। आप लोगों ने अनुभवी लोगों से सुना होगा कि अगर किसी घर में आग लग जाए और संपत्ति जल जाए तो कहते हैं कि वो परिवार स्वपुरुषार्थ से बहुत जल्द खड़ा हो जाता है। कष्ट और तकलीफ होती है, लेकिन वे अपना कारोबार शुरू कर देते हैं। समय रहते संकट से बाहर आ जाते हैं। लेकिन, बुजुर्ग कहते हैं कि परिवार का ही सदस्य अगर चोरी करने की आदत रखता है, तो परिवार कभी खड़ा नहीं हो सकता है।"
7.55 PM: “साथियों, मेरे मन में एक और अपेक्षा है और ये अपेक्षा इसलिए है कि आपमें उसे पूरा करने की ताकत है। क्यों आप पीछे हैं, मुझे समझ में नहीं आता? दुनिया में 4 बड़ी ऑडिट संस्थाएं है, जो प्रतिष्ठित हैं। इन कंपनियों को बिग 4 कहा जाता है। इन बिग 4 में हम कहीं नहीं है। आपमें क्षमता भी है और योग्यता की कोई कमी नहीं है। क्या मेरे सारे साथी विश्व के अंदर हिंदुस्तान को अपना नाम रोशन करना है तो 2022 तक आप बिग 4 को बिग 8 में बदल देंगे। उसमें से बिग 4 जो मेरे सामने बैठे हैं, वही होंगे। हमारा ये सपना होना चाहिए। विश्व के अंदर CA की दुनिया में भी आपका डंका बजना चाहिए साथियों। आखिर में मैं आपको आपके क्षेत्र के सबसे पुराने और सबसे सम्मानित अर्थशास्त्री चाणक्य की एक सलाह याद दिलाता हूं। कर्तव्य का समय टल जाने के बाद, समय ही उसकी सफलता को खत्म कर देता है। इसलिए समय को इस अवसर को हाथ से मत निकलने दीजिए।”
अपने लिए रोडमैप खुद तय कीजिए
7.55 PM: "2022 में देश आजादी के 75 साल पूरा करेगा। नया भारत हम सबके परिश्रम की प्रतीक्षा कर रहा है। आप एक इंस्टीट्यूट और नागरिक के नाते हम इस देश को जैसा देखना चाहते हैं, वैसा बनाने में अपना योगदान दें, भूमिका निभाएं। आजादी के 75 साल के 2 साल बाद आपके संस्थान को भी 75 साल हो जाएंगे। आप अभी ये जश्न मनाइए और इस इंस्टीट्यूट को किस ऊंचाई तक ले जाना है, ये रोडमैप तय कीजिए। देश के नौजवानों के भविष्य के लिए क्या करेंगे? क्या देश को पारदर्शी, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था देने में मदद नहीं करेंगे क्या? क्या ये हिसाब-किताब देने से बचाया? क्या ये हिसाब किताब नहीं होगा कि इतने लोगों को ईमानदारी से टैक्स देने के लिए प्रेरित किया? आप अपने लिए कुछ लक्ष्य तय करिए कि कितने लोगों को ईमानदारी से टैक्स देने की धाऱा में कैसे लाएंगे, टेक्नोलॉजी का इस्मेाल बढ़ाएंगे, फॉरेंसिक साइंस का इस्तेमाल करेंगे।"
सीए फील्ड को सरकार ने नया मौका दिया
7.53 PM: "आप लोगों के पास जाकर उन्हें जागरूक करिए, ईमानदारी की धारा में आने के लिए प्रेरित करिए। CA फील्ड को नया मौका सरकार ने दिया है। नौजवानों को निमंत्रण देता हूं, पिछले दिनों हमने जो कानून पास किए हैं, इन्सॉल्वेंसी और बैंक करप्सी कोड को सफल बनाने में भी CA फील्ड के लोगों की बड़ी भूमिका है। जब भी कोई कंपनी दीवालिया होगी तो उसका प्रशासनिक नियंत्रण इन्सॉल्वेंसी प्रैक्टिशनर्स के पास आने वाला है। CA इन्सॉल्वेंसी प्रैक्टिशनर्स बनकर नए करियर की शुरुआत कर सकते हैं। "
जीएसटी आपके सामने राष्ट्र निर्माण में सहयोग का माध्यम
7.52 PM: "देश के गरीबों को उनके अधिकार दिलाने में मदद करना, इससे बड़ी सेवा क्या हो सकती है। आपका एक हस्ताक्षर देश के गरीबों की कितनी मदद कर सकता है इसकी आपने भी कल्पना नहीं की होगी। सामान्य आदमी के सपने पूरे करने में आपकी बहुत बड़ी भूमिका और दायित्व है। जब आप ठान लेंगे तो 1 जुलाई 2017 आपके जीवन का टर्निंग प्वाइंट बन जाएगा। एक बार आप ठान लेंगे तो मैं विश्वास से कह सकता हूं कि टैक्स चोरी करने की हिम्मत कोई नहीं कर पाएगी। इंसान अपराध तभी करता है, जब उसे पता होता है कि उसे कोई बचाने वाला है। साथियों जीएसटी आपके सामने राष्ट्र निर्माण में सहयोग का माध्यम है।"
क्लाइंट्स को ईमानदारी के रास्ते पर लाना आपकी जिम्मेदारी
7.49 PM:"काले धन को खत्म करने के लिए, भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए अपने क्लाइंट्स को ईमानदारी के रास्ते पर ले जाने के लिए आपको कमान संभालनी होगी। साथियों, CA देश के इकोनॉमिक सिस्टम के भरोसेमंद एम्बेसडर होते हैं। आप सरकार और टैक्स देने वाले नागरिकों और कंपनियों के बीच काम करते हैं। आपका हस्ताक्षर देश के पीएम के सिग्नेचर की ताकत से ज्यादा ताकत रखता है। आपका हस्ताक्षर सत्यता और भरोसे का गवाह है, कंपनी बड़ी हो या छोटी आप जहां सिग्नेचर कर देते हैं, उस पर सरकार भी भरोसा करती है और लोग भी भरोसा करते हैं। कभी आपने सोचा है कि बैलेंसशी-बही के साथ आपका सिग्नेचर होता है, उसके बाद एक नई जिंदगी की शुरुआत होती है। मैं आज उस नई जिंदगी की साक्षात्कार कराने आया हूं। बात यहां नहीं अटकती है। जब आप उस कंपनी के बही को सही करते हैं और उसका ब्योरा सामने आता है, तब कोई बुजुर्ग म्यूचुअल फंड में अपनी पेंशन का पैसा लगा देता है, कोई गरीब विधवा अपनी महीने भर की बचत शेयर मार्केट में लगा देती है। जब ऑडिट रिपोर्ट सही नहीं होती, तथ्यों को छिपाया जाता है तो कंपनी नहीं डूबती, उस गरीब महिला, उस बुजुर्ग की जिंदगी डूब जाती है, जिसने एक साइन पर भरोसा करके निवेश किया होता है।"
आपके सिग्नेचर पर सवा सौ करोड़ लोगों को भरोसा
7.47 PM:"मेरा आपसे निवेदन है कि आपके सिग्नेचर पर हिंदुस्तान के सवा सौ करोड़ नागरिकों का भरोसा है। उस भरोसे को टूटने मत दीजिए, खंरोच मत आने दीजिए। अगर मन में ये महसूस करते हैं कि भरोसा टूटा है तो इसे फिर से बनाने के लिए पहल करिए। 2017 जुलाई की पहली तारीख, आपका स्थापना दिवस नया मौका लेकर आई है। ईमानदारी के उत्सव में शामिल होने के लिए मैं आपको निमंत्रण देने आया हूं। अपने काम की महत्ता को समझिए। उस हिसाब से काम करिए, समाज आपको कितने गर्व सेदेखेगा। साथियों, टैक्स रिटर्न शब्द के अलग-अलग मतलब हैं। देश के विकास में जो टैक्स काम आता है, वही टैक्स रिटर्न है। महंगाई कम होती है, किसी गरीब महिला को गैस मिलती है, किसी बुजुर्ग को पेंशन, नौजवान को स्कॉलरशिप मिलती है, किसी बीमार गरीब को सस्ती दवा मिलती है। टैक्स से मिला पैसा देश के बहादुर सैनिकों के काम आता है, जो सीमा पर जान की परवाह ना करते हुए हमारी रक्षा करते हैं। ये पैसे उन घरों में बिजली पहुंचाते हैं, जहां आजादी के 70 साल बाद भी बिजली नहीं आई।"
7.43 PM:"वकालत छोड़कर आगे आए। लाला लाजपत राय, आसिफ अली, कैलाश नाथ, लोकमान्य बालगंगाधर तिलक अनगिनत नाम थे, जिन्होंने वकालत छोड़कर देश के नाम जवानी लगा दी। इस बात को हम नहीं भूल सकते कि इन महापुरुषों के बिना देश का इतिहास अधूरा है। आज हमारा देश इतिहास के एक और अहम पड़ाव पर है। 1947 में स्वतंत्रता के बाद देश की राजनीतिक एकीकरण के बाद अब आज आर्थिक एकत्री करण के दौर से नई यात्रा को शुरू कर रहा है। 2017 का ये साल जब वन नेशन-वन टैक्स-वन मार्केट का सपना साकार हुआ है। ऐसे ऐतिहासिक अवसर पर सबसे अहम भूमिका CA की है। आप मेरी भावना को समझिए दोस्तों। आजादी के आंदोलन में वकीलों ने हिंदुस्तान के नागरिकों की स्वतंत्रता और अधिकार के लिए जान की बाजी लगा दी थी, आपको जान की बाजी लगाने की जरूरत नहीं है। ये देश आपका है, आपकी संतानों का है इसलिए इस नए दौर का नेतृत्व आज आप लोग इस आर्थिक विकास की यात्रा का नेतृत्व करिए।"
10 लाख से ज्यादा कमाई करने वाले क्या सिर्फ 32 लाख हैं
7.37 PM: "मैं आपके सामने कुछ और तथ्य रखता हूं। अनुमान है कि हमारे देश में दो करोड़ से ज्यादा इंजीनियर और मैनेजमेंट के ग्रेजुएट्स हैं। 8 लाख से ज्यादा डॉक्टर्स हैं। ऐसे लोगों की संख्या हमारे देश में करोड़ों में है। इतना ही नहीं एक आंकड़ा ये भी है कि लास्ट ईयर भारत से विदेश में घूमने फिरने जाने वालों की 2 करोड़ 18 लाख है। आपको ताज्जुब होगा कि क्या कारण है कि हमारे देश में सिर्फ 32 लाख लोग ही ये कहते हैं कि उनकी टैक्स इनकम 10 लाख से ज्यादा बताई जाती है। बही को सही करने वाले लोगों से पूछ रहा हूं कि क्या केवल 32 लाख लोग हैं, जो 10 लाख से ज्यादा कमाई करते हैं।’
टैक्स देने के लिए माहौल जरूरी
7.38 PM: “मैं समझता हूं कि ज्यादातर देश में सैलरी क्लास है, उसके अलावा क्या स्थिति है। इससे आपको पता चलेगा कि करोड़ों गाड़ियां हर साल खरीदी जाती हों और फिर भी देश के खजाने में जिम्मेदारियां ना भरी जाए तो ये बड़ी चिंता है। अगर हमारे CA भाई कोई भी व्यक्ति या क्लाइंट तभी टैक्स देता है, जब आसपास का पूरा माहौल सकारात्मक हो और उसे ईमानदारी से टैक्स चुकाने के लिए प्रेरित करे। अगर वो देखेगा कि उसे सलाह देने वाला सच्चाई छिपाने के लिए कह रहा है, तो वो गलत रास्ते पर चलेगा। गलत सलाह देने वालों को पहचानना और कार्रवाई करना भी जरूरी है। इसके लिए आप लोगों को भी कठोर कदम उठाने होंगे।”
11 साल में सिर्फ 25 सीए पर ही सजा क्यों हुई?
7.37 PM: “CA एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें HR का काम, कर्रिकुलम, एग्जाम, रूल्स-रेगुलेशन और गुनहगार को सजा भी आप ही देते हैं। अब सवाल ये उठता है कि भारत के लोकतंत्र के मंदिर में 126 करोड़ देशवासियों ने आपको इतने अधिकार दिए हैं तो ऐसा क्या है कि पिछले 11 साल में सिर्फ 25 CA के खिलाफ कार्रवाई हुई है। क्या सिर्फ 25 लोगों ने ही गड़बड़ की होगी। मैंने सुना है कि आपके यहां 1400 से ज्यादा मामले कई सालों से लटके पड़े हुए हैं। एक एक केस का फैसला आने में सालों लग जाते है। इतने हाईप्रोफाइल प्रोफेशन के लिए बताइये ये चिंता का विषय है कि नहीं। जब देश की आजादी के लिए आंदोलन चल रहा था, देश के अनेक नौजवानों ने फांसी के तख्त को अपने गले लगा लिया था। देश के कई महापुरुषों ने अपनी जवानी जेलों में खपा दी थी। उस वक्त देश के कई प्रोफेशनल्स थे, जो आगे बढ़कर आजादी के आंदोलन में आगे आए। उसमें ज्यादातर वकील थे, वे बहुत बड़ी मात्रा में आजादी की यात्रा का नेतृत्व करते थे। वे कानून जानते थे।”
माेदी का पहली बार खुलासा- 3 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड कंपनियां शक के घेरे में
7.31 PM: ''मेरे प्यारे साथियो! आपकी देशभक्ति मेरी देशभक्ति से जरा भी कम नहीं है। मैं आज पहली बार ये बातें बता रहा हूं। 3 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड कंपनियां ऐसी सामने आई हैं जिनका सारा लेनदेन शक के घेरे में है। सवालों के घेरे में है। उन पर सवालिया निशान लगा है। ...और ये डाटा माइनिंग से निकला है। ये तीन लाख से कितना बढ़ेगा, ये कह नहीं सकते।''
- ''जब जांच शुरू की तो कुछ कंपनियों की भूमिका गंभीर मानी गई है। आपको पता चलेगा कि इस सरकार की सोच क्या है। एक तरफ पूरी सरकार, व्यापारी जगत, मीडिया का ध्यान इस पर था कि 30 जून की रात और 1 जुलाई की सुबह क्या होगा। लेकिन 48 घंटे पहले एक लाख कंपनियों को कलम के एक झटके से काला बता दिया गया है। रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज से इनका नाम हटा दिया गया है। यह मामूली निर्णय नहीं है। राजनीति के हिसाब-किताब करने वाले ऐसे फैसले नहीं ले सकते। ''
मैं जानता हूं कि किसी राजनीतिक दल को कितना नुकसान हो सकता है
जिन्होंने लूटा, उन्हें गरीबों को लौटाना ही होगा
7.25 PM: ''राष्ट्रहित के लिए जीने वाले ही ऐसे फैसले कर सकते हैं। एक लाख से ज्यादा कंपनियों को कलम के एक झटके से हटा देने की ताकत देशभक्ति की प्रेरणा से आती है। जिन्होंने गरीबों काे लूटा है, उन्हें गरीबों को लौटाना ही होगा।''
- ''इसके अलावा सरकार ने 37 हजार से ज्यादा शैल कंपनियों की पहचान की है। ये कालेधन को छुपाती थीं, हवाला कारोबार करती थीं। पर्दे के पीछे न जाने क्या-क्या करती थीं। इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। कानून तोड़ने वाली कंपनियों के खिलाफ आने वाले दिनों में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।''
- ''मैं जानता हूं कि कालेधन के खिलाफ इस कार्रवाई का, फर्जी कंपनियों को खत्म करने का किसी भी राजनीतिक दल को कितना नुकसान हो सकता है, ये मैं जानता हूं। लेकिन किसी न किसी को तो देश के लिए जीना पड़ेगा।''
CAs से मोदी का सवाल
7.21 PM:''चार्टर्ड अकाउंटेंट फील्ड के लोगों, मैं आज आपके बीच, आपके स्थापना दिवस पर आया हूं। मेरा एक सवाल पूछने का मन करता है। बही को सही करने की जिसके हाथ में ताकत है, नोटबंदी के बाद कोई तो होगा, जिसने इन कंपनियों की मदद की होगी?''
देश में दो तरह का स्वच्छता अभियान
7.18 PM:"2014 से जिस दिन आपने मुझे ये काम दिया, उस दिन से गिरावट का जो दौर शुरू हुआ था, वो और तेज हो गया है। आपको जानकर दुख भी होगा और आश्चर्य भी होगा, 2013 का रिकॉर्ड कहता है कि 42% वृद्धि थी। अब से दो साल बाद जब रियल टाइम डाटा मिलने लगेगा, तब से विदेशों में कालाधन जमा करने वालों को और दिक्कत होने वाली है। आपके ऐसे क्लाइंट नहीं होंगे, ऐसा विश्वास है। आपके प्रति मुझे विश्वास है, उन्हें आप कान में बता दीजिए। देश में भी एक तरफ स्वच्छता अभियान है और अर्थव्यवस्था में सफाई अभियान चला रहा हूं।"
स्विस बैंकों में भारतीयों का पैसा कम हो गया
7.16 PM: "भाइयो-बहनो! पूरा परिवार चोरी नहीं करता है, एकाध सदस्य नियमों को तोड़कर ऐसा करता है और परिवार समाप्त हो जाता है। उसी को सही करने वाले मेरे साथियों, इसी तरह कोई भी देश बड़े से बड़े संकटों से खुद को उबार सकता है। बाढ़ हो, भूकंप हो, कोई भी संकट हो.. देश और जनता-जनार्दन में सामर्थ्य होता है और शासन मिलकर संकट से बाहर आ जाते हैं। लेकिन, कुछ लोगों को चोरी करने की आदत लग जाए तो जैसे परिवार उठ नहीं पाता है, वो देश और वो समाज भी उठकर खड़ा नहीं हो पाता है। सारे सपने टूट जाते हैं, विकास रुक जाता है।

- कुछ ही लोग होते हैं जो प्रगति को रोकने का काम करते रहते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार ने पिछले तीन साल में कई कड़े कदम उठाए, कानून बनाए, पुराने कानूनों को सख्त किया गया है। कितने ही देशों के साथ समझौते किए गए हैं। विदेशों के साथ समझौतों और कार्रवाई का क्या असर हो रहा है, उसकी जानकारी स्विस बैंक के ताजा आंकड़ों से मिल रही है। स्विस बैंक ने बताया है कि भारतीयों द्वारा जमा राशि अब तक के रिकॉर्ड में सबसे नीचे स्तर पर पहुंच गई है। तीस साल पहले 1987 में स्विस बैंकों ने बताना शुरू किया था कि किस देश के लोग, कितना पैसा वहां जमा करा रहे हैं। पिछले साल की जो रिपोर्ट अब आई है, उसके मुताबिक भारतीयों के जमा पैसे में 45% की कमी आई है।"
आपकी दीवाली की छुट्टियां कैंसल हो गईं
7.14 PM: "इस देश में 8 नवंबर सबसे ज्यादा आप लोगों को याद है। डिमोनेटाइजेशन का फैसला भी कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ बहुत बड़ा कदम था। मैंने सुना है कि 8 नवंबर के बाद आप लोगों को बहुत काम करना पड़ा। आप लोगों को इतना काम करना पड़ा कि शायद पूरे करियर में करने की नौबत नहीं आई होगी। मैंने ये भी सुना कि बहुत CA लोग दीवाली की छुट्टियां मनाने गए थे, लेकिन सब कैंसल कर वापस आ गए। कहते हैं कि CA के ऑफिसेस रात-रातभर खुले रहते थे। अब मुझे मालूम नहीं है कि वापसी के बाद आपने क्या काम किया? सही किया या गलत किया? देश के लिए किया या क्लाइंट के लिए किया? लेकिन, किया जरूर था। साथियों काले धन के खिलाफ इस सफाई अभियान के दौरान पहली बार कुछ बातें आपसे शेयर कर रहा हूूं।"
दुनिया में भारतीय सीए का डंका बजता है
7. 10 PM:आप अर्थ तंत्र के बड़े स्तंभ हैं। आपके बीच आने मेरे लिए भी गर्व और शिक्षा हासिल करने का अवसर है। दुनिया भर में भारत के CA को उनकी समझ और बेहतरीन फाइनेंशियल स्किल्स के लिए जाना जाता है। आज मुझे अवसर मिला नए चार्टर्ड अकाउंटेंसी कर्रिकुलम कोर्स की शुरुआत करने का मौका मिला। आपके डायनमिक कोर्स और एग्जाम की अलग पहचान रही है। मुझे उम्मीद है कि नया कोर्स इस प्रोफेशन में आने वाले लोगों की फाइनेंशियल स्किल्स को और मजबूत करेगा। अब हमारे इस इंस्टीट्यूशन को ग्लोबल बेंच मार्क के हिसाब से ह्यूमन रिसोर्स डेवलप करने में लगातार प्रयास करना होगा। हमारी कोशिश में अकाउंटेंट टीम की टेक्नोलॉजिकल चीजों को कैसे लाएं, क्या इनोवेशन करें, नए सॉफ्टवेयर भी अपने आपमें बड़ा मार्केट है, जो आपका इंतजार कर रहा है।
सीए समाज के आर्थिक डॉक्टर
7. 09 PM: "जैसे डॉक्टर समाज के और व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य की चिंता करते हैं, वैसे ही आप पर समाज के आर्थिक स्वास्थ्य की जिम्मेदारी होती है। कोई डॉक्टर नहीं होगा ऐसा, जो लोगों को ये कहे कि ये खाओ, ऐसा करो और वैसा करो। डॉक्टर जानता है कि आप बीमार हो जाओगे तो उसकी आमदनी बढ़ जाएगी फिर भी वो सही चीज खाने को कहता है। हमारे देश की इकोनॉमी सही रहे, स्वस्थ्य रहे ये आप देखते हैं।
7. 06 PM: "ये सुखद संयोग है कि आज से ही आपका स्थापना दिवस और भारत के अर्थ जगत में एक नई राह का आरंभ दिवस, भारत में जीएसटी यानी गुड एंड सिम्पल टैक्स की शुुरुआत हुई है। मेरे लिए ये खुशी का विषय है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं आप सबके बीच हूं। ये मेरे लिए सौभाग्य है। देश की संसद ने एक पवित्र अधिकार दिया है। सही को सही और गलत को गलत कहने का, सर्टिफाइड करने का, ऑडिट करने का ये अधिकार, सिर्फ और सिर्फ आपके पास है।"
7. 04 PM: "आज इस सभागृह और देश में अगल-अलग स्थान पर इतनी बड़ी तादाद में आपलोग उपस्थित हैं। उद्योग और व्यापार जगत से जुड़े हुए महानुभाव, सभी देशवासी, नौजवान दोस्तों भाइयों और बहनों। आज इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया का स्थापना दिवस है। मेरी तरफ से आप सबको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
जेटली ने कहा- यहां मेरा काम नाइट वॉचमैन जैसा
- अरुण जेटली ने कहा, "मुझे कहा गया है कि जीएसटी पर बोलना है और जब तक मोदी जी ना बोलने लगें, तब तक बोलना है। यानी मुझे क्रिकेट के गेम जैसे नाइट वाचमैन का काम करना है।"
-"सरकार के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी थी कि सरकार अपनी क्रेडिबिलिटी बनाए। अगर इस यात्रा को देखें तो जीएसटी एक महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन, इससे पहले भी हम देखें तो देश की अर्थव्यवस्था को पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था से एक कर देना। हमने जो एफडीआई में रिफॉर्म्स किए, उससे दो साल में लगातार लार्जेस्ट एफडीआई इन्वेस्टमेंट कहीं आता है तो हिंदुस्तान में आता है। इसे हम साधन मानें। उसी के आधार पर इकोनॉमी को बढ़ाने, रोजगार को बढ़ाने में हेल्प मिलती है।"
मंदी में भी विकास दर बरकरार रखना उपलब्धि
- "मंदी में भी विकास दर को बरकरार रखना भारत के लिए उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए पुरानी मानसिकता को बदलना होगा।"
- "सरकार में मोदी जी का सबसे पहला आग्रह था कि मार्केट मैकेनिज्म के साथ रिसोर्सेस का एलोकेशन करें। आज सरकार से कोई काम नहीं मांगता, उसे केवल अपने लैपटॉप पर बैठकर बिडिंग करती है। सरकार किसी विवाद में नहीं आई, भ्रष्टाचार की गुंजाइश नहीं छोड़ी। पिछले बजट में घोषणा की थी कि आने वाले दिनों में इलोक्टोरल बॉन्ड, जिसमें टैक्स पेड मनी के माध्यम से पॉलिटिकल फंडिंग हो।"

Share This News :