Home > देश विदेश ,slider news,
राजकोट में मोदी का 7 KM लंबा रोड शो, दिव्यांगों के प्रोग्राम में हिस्सा लिया

राजकोट. नरेंद्र मोदी का गुजरात के राजकोट में 7 किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू हो गया है। इस दौरान यहां भारी भीड़ है। मोदी गाड़ी से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकर कर रहे हैं। इसके पहले दोपहर में मोदी ने समाजिक अधिकारिता शिविर प्रोग्राम में दिव्यांगों को इक्विपमेंट बांटे। कहा, "1992 से अब तक दिव्यांगों के लिए केवल 55 प्रोग्राम हुए थे। हमने 3 साल में सरकार ने दिव्यांगों के लिए 5500 प्रोग्राम किए। मोदी ने कहा कि दिव्यांग समाज और हमारी जिम्मेदारी हैं।" उन्होंने कहा कि मैं स्टार्टअप सेक्टर से ये अपील करता हूं कि वे ये देखें कि कौन सा इनोवेशन और टेक्नोलॉजी दिव्यांगों के जीवन को बदल सकता है। मोदी की स्पीच के 6 प्वाइंट्स...

1) दिव्यांग हमारी और समाज की जिम्मेदारी
मोदी ने कहा, "मेरे जीवन में राजकोट का विशेष महत्व। मैंने ऐसे कई परिवार देखे हैं। ऐसी कई माताएं देखी हैं। शादी के बाद पहली संतान हुई और वो दिव्यांग हुई। लेकिन, पति और पत्नी पूरा जीवन उस पर न्योछावर कर देते हैं। ऐसे लाखों परिवार हमारे देश में हैं। परमात्मा ने ऐसे परिवारों को चुना है। इसलिए सेवा के लिहाज से उस परिवार को चुना। लेकिन दिव्यांग की जिम्मेदारी हमारी और समाज की है।"

2) हमने हर भाषा में साइनिंग सिस्टम एक किया
- "मैं जब गुजरात में था तो यहां उनसे मिलने का मौका मिलता था। दोषी साहब और उनकी बेटी इस काम के लिए समर्पित थे। तब तो मैं राजनीति में भी नहीं था। सरकार में आया तो हमने नया काम किया। सामान्य तौर पर एक बच्चे को पास होने के लिए 100 में से 35 नंबर जरूरी होते हैं। लेकिन, दिव्यांग बच्चों के लिए हमने 25 नंबर तय किए। उसको किताब लाने और बाकी काम करने में तीन गुना ज्यादा वक्त लगता है। आजादी के 70 साल बाद भी जो साइनिंग की जाती है वो अलग थी। गुजरात का दिव्यांग तमिलनाडु में टीचर है तो दिक्कत होती थी। हमने सरकार में आने के बाद तय किया कि हर भाषा में साइनिंग सिस्टम एक जैसा हो। ये दुनिया के हर देश में एक जैसा होगा।"
3) दिव्यांगों के लिए 5500 प्रोग्राम किए
- "1992 से सामाजिक अधिकारिता विभाग की तरफ से दिव्यांग जनों को लेकर सिर्फ 55 कार्यक्रम हुए थे। हम 2014 में आए और 2017 में अब तक 5500 कार्यक्रम कर चुके हैं। ये बताता है कि सरकार की संवेदनशीलता कितनी है?"
4) दिव्यांगों के लिए दफ्तर और प्लेटफॉर्म बदले
- "दिव्यांग जनों की चिंता करने के लिए राजकोट का शुक्रिया। इससे बड़ा संतोष और क्या हो सकता है। मैं ऐसे कार्यक्रम को प्राथमिकता देता हूं। चेतना जगना जरूरी है। बस और ट्रेन में सामान्य लोगों को दिक्कत नहीं होती। हमने एक कार्यक्रम चलाया। रेलवे प्लेटफॉर्म हो या सरकारी दफ्तर, हमने बदलाव की कोशिश की। दिव्यांगों के लायक टॉयलेट ना हो तो उनको कितनी दिक्कत होती होगी। इनको लेकर समाज का एक विजन डेवलप होने लगा है। अब जितनी नई इमारतें बनती हैं, उनमें दिव्यांगों के लिए अलग व्यवस्था होती है।'
5) गुजरात ने भी अच्छा काम किया
- "गुजरात की भी तारीफ करता हूं, वहां दिव्यांगों के लिए अच्छा काम किया गया है। 18 हजार से ज्यादा दिव्यांग यहां मौजूद हैं। एक बार मैंने अपने ऑफिस में दिव्यांग बच्चों को बुलाया। एक बच्चा तो मुझसे भी बेहतर अंदाज में लिख सकता था। मैं लोगों से अपील करता हूं कि दिव्यांगों के लिए क्या नए इनोवेशन हुए हैं, ये देखें। आप इनके लिए नए प्रोडक्ट तैयार कर सकते हैं। स्टार्टअप की दुनिया के नौजवानों को निमंत्रण देता हूं कि आप दिव्यांगों के लिए नए अविष्कार करें। सरकार जितना मदद कर सकती है, करेगी।'
6) 2022 तक हर परिवार के लिए घर हो
- "हर महीने 1 रुपए देकर आप जीवनभर के लिए इंश्योरेंस ले सकते हैं। साल में 360 रुपए देकर भी आप इसका फायदा उठा सकते हैं। 13 करोड़ परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। दिव्यांगों के लिए आप भी ये कर सकते हैं। 70 साल बीत गए। करोड़ों लोग ऐसे हैं, जिनके पास रहने के लिए घर नहीं हैं। 2022 तक हर परिवार के लिए एक घर और सुविधा वाला घर हो, इसके लिए हम कोशिश कर रहे हैं। हम जानते हैं, कि ये काम 70 साल में नहीं हुआ। लेकिन काम करने का माद्दा होना चाहिए। देश का गरीब आगे आया, अगर मध्यम वर्ग भी आगे आया तो क्या नहीं किया जा सकता?'

Share This News :