Homeअपना शहर ,खास खबरे,
लोक सेवा केन्द्र रेसकोर्स रोड़ का अनुबंध निरस्त करें : जैन

औचक निरीक्षण में खामियाँ मिलने पर कलेक्टर ने दिए निर्देश
ग्वालियर । रेसकोर्स रोड़ स्थित लोक सेवा केन्द्र का संचालन कर रही संस्था का अनुबंध निरस्त करें। संस्था को नोटिस जारी कर विधिवत इस कार्रवाई को अंजाम दें। निरीक्षण के दौरान इस लोक सेवा केन्द्र में खामियाँ मिलने पर कलेक्टर राहुल जैन ने यह निर्देश दिए। जनमित्र एवं लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से मुहैया कराई जा रहीं सेवाओं की वितरण व्यवस्था और सुदृढ़ करने के मसकद से कलेक्टर श्री जैन ने बुधवार को शहर के कुछ जनमित्र केन्द्रों एवं लोक सेवा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवा प्रदाय के लिये निर्धारित समय-सीमा का कदापि उल्लंघन न हो। 
कलेक्टर ने रेसकोर्स रोड़ पर नगर निगम के क्षेत्रीय कार्यालय क्र.-10 तथा इस परिसर में संचालित जनमित्र केन्द्र व लोक सेवा केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद वे टप्पा तहसील मुरार और इस परिसर में संचालित लोक सेवा केन्द्र व जनमित्र केन्द्र का निरीक्षण करने पहुँचे। उन्होंने इन केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि सभी जनमित्र केन्द्र एवं लोक सेवा केन्द्रों में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें कि ओवदकों को उसी केन्द्र पर प्रमाण-पत्र व अन्य सेवायें मिल जाएँ, जिस केन्द्र पर उनके द्वारा आवेदन दिए गए हों। सेवाओं के लिये आवेदक को भटकना पड़ा तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। श्री जैन ने इन केन्द्रों पर आवेदन लेकर आए लोगों से भी चर्चा की और मिलने वाली सेवाओं के संबंध में उनके अनुभव जाने। लोक सेवा केन्द्र रेसकोर्स रोड़ में अव्यवस्थायें मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। इस केन्द्र में निर्धारित संख्या में कार्यालयीन स्टाफ भी मौजूद नहीं मिला। साथ ही निराकृत आवेदनों और उनके वितरण की पंजी भी संचालित नहीं मिली। साथ ही आवेदन फॉर्म की भी कोई व्यवस्था नहीं मिली। श्री जैन ने इस केन्द्र का संचालन वर्तमान संस्था से हटाकर विधिवत किसी दूसरी संस्था को सौंपने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वर्तमान में यह केन्द्र श्रीमती अर्चना गुप्ता की संस्था द्वारा संचालित है। 
कलेक्टर ने इस दौरान यह भी निर्देश दिए कि जनमित्र केन्द्र और लोक सेवा केन्द्रों का युक्तियुक्तिकरण करें, जिससे एक ही परिसर में संचालित दोनों केन्द्रों की वजह से लोगों को सेवा के लिये आवेदन देने में कोई भ्रम न रहे। साथ ही शहर के अन्य इलाकों के निवासियों को अपने घर के नजदीक इन केन्द्रों की सेवायें मिल सकें। उन्होंने कहा निराकरण के पश्चात आवेदक को प्रमाण-पत्र इत्यादि सौंपने के बाद उसकी पावती जरूर लें। इसके लिये एक पंजी भी पृथक से संधारित की जाए। इस अवसर पर एसडीएम मुरार एच बी शर्मा, नोडल अधिकारी जनमित्र केन्द्र अनुपम शर्मा, प्रबंधक लोक सेवा केन्द्र एवं ई-गवर्नेंस आशीष जैन व अपर तहसीलदार मुरार अनिल राघव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। 
 
तहसील में संलग्न ग्रामीण शिक्षकों को भारमुक्त करने के निर्देश 
कलेक्टर राहुल जैन ने स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण-पत्र तैयार कराने में सहयोग के लिये टप्पा तहसील मुरार में संलग्न ग्रामीण स्कूलों के सभी शिक्षकों को भारमुक्त करने के निर्देश एसडीएम मुरार को दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की पढ़ाई कदापि प्रभावित न हो। जैन ने शिक्षकों को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्कूलों में जाकर अध्यापन का कार्य शुरू करें। इस काम में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। 
 
सरकारी दफ्तरों में बनेंगे जन सुविधा केन्द्र 
शहर में संचालित उन सभी सरकारी दफ्तरों में जन-सुविधा केन्द्र (शौचालय) बनाए जायेंगे, जहाँ सार्वजनिक शौचालय नहीं हैं। कलेक्टर राहुल जैन ने तहसील कार्यालय मुरार के निरीक्षण के दौरान कहा कि नगर निगम के सहयोग से आम जनता के लिये शासकीय दफ्तरों में शौचालयों का निर्माण किया जायेगा। जल्द ही इसकी कार्ययोजना तैयार कर उसे मूर्त रूप दिया जायेगा। 

Share This News :