Homeअपना शहर ,खास खबरे,
जब सुखराम को गृह प्रवेश कराने पहुँचे मंत्रिगण

* चीनौर में प्रधानमंत्री आवास योजना से सुखराम ने बनाया है पक्का मकान 
ग्वालियर । सुखराम के आश्चर्य की सीमा नहीं थी। प्रदेश की सबसे पिछड़ी जनजातियों में शुमार एक सहरिया परिवार के मुखिया सुखराम भरोसा नहीं कर पा रहे थे कि उन्हें गृह प्रवेश कराने भारत व राज्य सरकार के मंत्रिगण आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिली आर्थिक मदद से बड़े जतन और मेहनत से अपना पक्का घरौंदा तैयार किया था। मगर उन्हें ये आशा कतई नहीं थी कि उन्हें गृह प्रवेश कराने मंत्रिगण आयेंगे। 
ग्वालियर जिले के वे पहले हितग्राही हैं जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना आवास पूर्णत: तैयार कर लिया है। ग्वालियर जिले के चीनौर ग्राम निवासी सुखराम को गृह प्रवेश कराने के लिये सोमवार की देर शाम केन्द्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और जिले के प्रभारी मंत्री गौरीशंकर बिसेन अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ पहुँचे थे। मंत्री द्वय ने सुखराम को मकान की चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2022 तक गाँव के हर जरूरतमंद परिवार के पास अपना पक्का घर हो। जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्वालियर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2016-17 में 3241 और मौजूदा वित्तीय वर्ष में 1433 आवास मंजूर हुए हैं। वर्ष 2016-17 में मंजूर हुए आवासों में से 3228 में प्रथम किश्त, 2145 में द्वितीय व 849 में तृतीय किश्त संबंधित हितग्राहियों को मुहैया करा दी गई है। इसी प्रकार मौजूदा वित्तीय वर्ष में 1414 आवास बनाने के लिये पहली किश्त और 51 आवासों के निर्माण के लिये द्वितीय किश्त मुहैया कराई जा चुकी है।

Share This News :