Home > देश विदेश ,slider news,
आप को दो करोड़ के चंदा मामले में ईडी ने किया मामला दर्ज

आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती है। प्रवर्तन निदेशालय ने चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले में पचास-पचास लाख का चंदा देने वाली चार कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में ईडी आम आदमी पार्टी के नेताओं से पूछताछ कर सकता है। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए तो प्रवर्तन निदेशालय आम आदमी पार्टी की संपत्ति भी जब्त कर सकता है।

प्रवर्तन निदेशालय का कहना है कि आप को दो करोड़ रुपए का चंदा देने वाली चार कंपनियों के खिलाफ मनी लांड्रिग एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ईडी ने यह कदम आयकर विभाग की जांच के बाद उठाया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ईडी दो करोड़ रुपए के चंदे की पूरी श्रंखला की जांच करेगा। कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने आप पर चंदे के आड़ में कालेधन को सफेद करने के आरोप लगाए थे।

दरअसल, आम आदमी पार्टी को पचास-पचास लाख के चार ड्राफ्ट के जरिए दो करोड़ रुपए का चंदा मिला था। यह ड्राफ्ट चार अलग-अलग कंपनियों के थे। आयकर विभाग ने भी कई कंपनियों से आप को मिले चंदे पर सवाल उठाया था। पार्टी पर आरोप है कि एक ही शख्स की फर्जी कंपनियों से यह ड्राफ्ट लिए हैं। सबसे पहले एक एनजीओ ने चंदे पर सवाल उठाए। इसके बाद कपिल मिश्रा ने भी आप पर कालाधन सफेद करने का आरोप लगाए।

इस विवाद के बाद मुकेश शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने दावा किया था कि चंदा देने वाली कोई कंपनी फर्जी नहीं है। वह इन चारों कंपनियों में निदेशक रह चुके हैं। मुकेश शर्मा की दलील थी कि आप से काफी उम्मीद थी, इसलिए उन्होंने सोचा की चंदा देकर देश के लिए कुछ कर ले। पर मुकेश शर्मा के दावों के फौरन बाद कपिल मिश्रा ने दावा किया कि जब चंदा दिया गया था, उस वक्त मुकेश शर्मा का इन कंपनियों से कोई ताल्लुक नहीं था।

Share This News :