Homeअपना शहर ,खास खबरे,
चीनौर के लिये कचरा प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करें : तोमर

आदर्श ग्राम चीनौर में आंगनबाड़ी केन्द्र का लोकार्पण
ग्वालियर । केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, स्वच्छता एवं पेयजल मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि गंदगी 100 बीमारियों की जड़ है। स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के साथ ही उनकी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की जरूरत है। तोमर ने यह बात बुधवार को आदर्श ग्राम चीनौर भ्रमण के दौरान पंचायत भवन में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने इस अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्र का लोकार्पण, मुख्यमंत्री हाट बाजार और गर्ल्स मॉडल स्कूल का अवलोकन भी किया।
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि चीनौर ग्राम को कचरामुक्त ग्राम बनाने के लिये विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य करने के इच्छुक लोगों का स्व-सहायता समूह गठित कर उन्हें इस कार्य की जवाबदारी सौंपी जाए। ग्राम में जगह-जगह पर गोबर और अन्य गंदगी के निपटाने के लिये खाद बनाने की प्रक्रिया को प्रारंभ किया जाए। तोमर ने कहा कि चीनौर में घर-घर से कचरा एकत्र करने की योजना तैयार की जाए और ग्रामीणों को इससे जोड़ा जाए। इसके साथ ही कचरा प्रबंधन के लिये लोगों से थोड़ा शुल्क लेने की मानसिकता भी बनाने की पहल की जाए। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने पानी की समस्या के निराकरण के लिये तीन ट्यूबवेल खनन की स्वीकृति भी प्रदान की। ट्यूबवेल बाथम मोहल्ला, स्कूल परिसर में स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एक ट्यूबवेल अमरौल में भी लगाने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में चीनौर में स्टेडियम निर्माण के लिये प्रशासन द्वारा जगह का चयन कर लिया गया है। इस पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जायेगा। निरीक्षण के दौरान विधायक भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, भाजपा के ग्रामीण अध्यक्ष वीरेन्द्र जैन, एसडीएम भितरवार, जनपद सदस्य श्रीमती रानी कुशवाह, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

आंगनबाड़ी केन्द्र का लोकार्पण
केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने चीनौर में 7 लाख 80 हजार रूपए की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही बेटी पैर पूजन, लाड़ली प्रमाण-पत्र वितरण करने के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों का वजन भी कराया। उन्होंने इस अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्र में सौजना का पौधा भी रोपित किया।

मुख्यमंत्री हाट बाजार का निरीक्षण
केन्द्रीय मंत्री तोमर ने चीनौर भ्रमण के दौरान 50 लाख रूपए की लागत से निर्मित मुख्यमंत्री हाट बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छोटे-छोटे व्यापारियों के लिये हाट बाजार में बनाए गए शेड भी देखे। इस हाट बाजार में व्यापारियों और ग्रामीणों के लिये पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। इसके बन जाने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की वस्तुयें खरीदने के लिये और विक्रेताओं के लिये अपने सामान की बिक्री के लिये एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो गया है। इस हाट बाजार का शीघ्र ही लोकार्पण भी किया जायेगा।

गर्ल्स मॉडल स्कूल का निरीक्षण
चीनौर में बनाए गए गर्ल्स मॉडल स्कूल का केन्द्रीय मंत्री ने निरीक्षण किया। इस मॉडल स्कूल में बच्चियों को ऑनलाईन शिक्षा प्रदान की जायेगी। इस विद्यालय के निर्माण के लिये शिक्षा विभाग द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही तकनीकी सहयोग और उपकरण मुस्कान फाउण्डेशन द्वारा प्रदान किए गए हैं। इस स्कूल का संचालन भी शीघ्र ही प्रारंभ किया जायेगा। इस स्कूल के प्रारंभ होने से बालिकाओं को संचार के माध्यम से शिक्षा प्राप्त होने लगेगी।

Share This News :