Homeअपना शहर ,खास खबरे,
गुना में योग दिवस में शामिल हुए मंत्री पवैया

गुना | तृतीय अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज यहां लाल परेड ग्राउन्ड पर आयोजित हुए वृहद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता निभाई। इस सामूहिक योग प्रदर्शन में उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अर्चना चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष राजेन्द्र सलूजा, कलेक्टर राजेश जैन, जिलाध्यक्ष भाजपा राधेश्याम पारिख समेत लायंस क्लब, रोटरी क्लब, पंतजलि संस्थान, शासकीय सेवक, जनप्रतिनिधि, एन.सी.सी., स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी एवं नागरिकों ने सामूहिक योग प्रदर्शन में योग क्रियाओं का अभ्यास किया।
लोक शिक्षण विभाग के तत्वावधान में आयोजित हुआ सामूहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम प्रातः 6.30 बजे से शुरू हुआ, जो 8 बजे तक चला। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक भी मौजूद थे। महिला और बुजुर्गों ने भी इस कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। आयोजन स्थल पर बच्चों एवं बड़ों के लिए पानी का इंतजाम भी किया गया था।
सामूहिक योग कार्यक्रम में योग का अभ्यास प्रार्थना के मनोभाव से शुरू हुआ। योग आसनों में सदलज योग अभ्यास कराया गया, जो शरीर में सूक्ष्म संचरण बढ़ाने में सहायता प्रदान करता है। ग्रीवा चालन योग अभ्यास भी कराया गया। इसके बाद स्कंध संचालन का अभ्यास कराया गया। इस क्रिया के अभ्यास से हड्डियां, मांसपेशियां और स्कंध क्षेत्र की तंत्रिकाएं स्वस्थ रहती हैं। यह योगासन गर्दन की रीढ़ की हड्डी की अपकर्षक (सर्वाइकल स्पान्डिलाइट्स) बीमारी को दूर करता है और स्कंध संचालन में आने वाली रूकावटों से छुटकारा दिलाता है।
इस मौके पर उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि योग, शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम है।
जिले में तहसील, विकासखण्ड एवं पंचायत मुख्यालयों पर भी योग प्रदर्शन के वृहद कार्यक्रम सम्पन्न हुए।
आयुष विभाग का योग के प्रति जागरूकता अभियान
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहां लाल परेड ग्राउंड में आयोजित हुए कार्यक्रम में जनमानस में योग के प्रति जागरूकता लाने के मकसद से आयुष विभाग ने जागरूकता अभियान के तहत बेनर्स लगवाए थे।
जिला आयुष अधिकारी गुना ने बताया कि योग शारीरिक स्वास्थ्य, स्नायुतंत्र एवं कंकालतंत्र को सुचारू रूप से कार्य करने एवं हृदय तथा नाड़ियों के स्वास्थ्य के लिए हितकर अभ्यास है। यह मधुमेह, श्वसन संबंधी विकार, उच्च रक्तचाप, निम्न रक्तचाप एवं जीवन शैली संबंधी कई प्रकार के विकारों के प्रबंधन में लाभकर है। योग अवसाद, थकान, चिंता संबंधी विकार और तनाव को कम करने में सहायक है। योग मासिक धर्म को नियमित बनाता है। संक्षेप में यदि कहा जाए तो योग शरीर एवं मन के निर्माण की ऐसी प्रक्रिया है, जो समृद्ध और परिपूर्ण जीवन की उन्नति का मार्ग है।

Share This News :