Home > देश विदेश ,slider news,
राष्ट्रपति चुनाव: कोविंद के सपोर्ट में JDU, विपक्ष की मीटिंग में नहीं होगी शामिल

पटना.एनडीए के राष्ट्रपति पद के कैंडिडेट रामनाथ कोविंद को टीआरएस, बीजेडी, AIADMK, YSR कांग्रेस, शिवसेना के बाद अब जेडीयू का भी सपोर्ट मिल गया है। स्पोक्सपर्सन केसी त्यागी ने बुधवार शाम को कहा कि कोर कमेटी की मीटिंग में कोविंद के समर्थन का फैसला लिया गया है। उनकी पार्टी गुरुवार को विपक्ष की मीटिंग में शामिल नहीं होगी। नीतीश कुमार ने इसकी जानकारी सोनिया गांधी को दे दी है। जानकारों की मानें तो एनडीए के पास राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेने वाले इलेक्टोरल कॉलेज के 57.85% वोट हैं। लिहाजा कोविंद आसानी से अगले राष्ट्रपति बन जाएंगे। अगर अपोजिशन अपने कैंडिडेट को उतारने का फैसला करता है तो भी कोविंद के राष्ट्रपति बनने में दिक्कत पेश नहीं आएगी। जेडीयू के सभी विधायकों ने एकमत से राय दी थी..

- केसी त्यागी ने कहा- "बिहार के राज्यपाल के रूप में उनका (रामनाथ) टेन्योर बहुत अच्छा रहा है। कौन नहीं जानता कि गवर्नर हाउस में कैसी-कैसी साजिशें होती हैं। हमें बूटा सिंह का टेन्योर याद है। रामनाथ ने अपना काम अच्छे से किया और कोई विवाद नहीं होने दिया। जेडीयू के सभी विधायकों ने एकमत से राय दी थी कि रामनाथ को सपोर्ट किया जाए। अब गुरुवार को विपक्ष की मीटिंग में जाने का कोई मतलब नहीं है।"
"जेडीयू विपक्ष की एकता के लिए काम करती रही है और आगे भी करती रहेगी। राष्ट्रपति उम्मीदवार को सपोर्ट करने का यह फैसला अलग है। इसका महागठबंधन पर असर नहीं पड़ेगा। नीतीश ने गठबंधन के सहयोगी नेताओं को पहले ही इसके बारे में बता दिया था।"
- इससे पहले, सुबह जेडीयू विधायकों, मंत्रियों की बैठक बुलाई थी। बाद में जेडीयू विधायक रत्नेश सदा ने सपोर्ट की बात कही। उन्होंने कहा‌‌- " हम लोग रामनाथ कोविंद को सपोर्ट करेंगे। मुख्यमंत्री ने भी यही कहा है। रामनाथ अच्छे आदमी हैं। हम लोग उनके साथ हैं। वह बिहार के डेवलप के लिए सोचते रहते थे। यह पहली बार हो रहा है कि बिहार के राज्यपाल को सीधे राष्ट्रपति बनाया जा रहा है। नीतीश ने विधायकोंं से वन टू वन बात की है।"
- इससे पहले नीतीश कुमार ने कहा था कि कोविंद का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाने से मैं पर्सनली खुश हूं। बता दें कि जेडीयू के वोटों की संख्या 1.91% है।
आरजेडी ने कहा- नीतीश ने विपक्ष को कमजोर किया
- आरजेडी के नेता भाई वीरेन्द्र ने कहा कि नीतीश कुमार ने पहले भी विपक्षी एकजुटता को कमजोर करने का काम किया है। एनडीए उम्मीदवार का सपोर्ट करना एक दुर्भाग्यपूर्ण कदम है। 22 जून को होने वाली विपक्षी दलों की मीटिंग से पहले जेडीयू का मीटिंग करना किसी मायने में सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कल होने वाली मीटिंग के बाद विपक्षी दल भी जेडीयू को लेकर विचार करेंगे।
- उधर, लालू प्रसाद यादव ने कहा कि वे विपक्ष के साथ रहेंगे। हालांकि, वे जेडीयू के कोविंद को सपोर्ट करने के फैसले के सवालों को टालते रहे।
शिवसेना क्यों नरम पड़ी?
- मंगलवार शाम को शिवसेना ने भी कोविंद का समर्थन करने का एलान किया।
- बीजेपी को तेवर दिखाने वाली शिवसेना नरम पड़ी, क्योंकि महाराष्ट्र में दलित एक अहम राजनीतिक शब्द है। कोविंद को राष्ट्रपति पद के लिए खड़ा करके बीजेपी ने दलितों को अपनी तरफ आकर्षित करने का काम किया है।
- शिवसेना अगर इसका सपोर्ट नहीं करती तो महाराष्ट्र के दलित वोटरों के बीच गलत मैसेज जा सकता था। साथ ही शिवसेना के सपोर्ट नहीं करने से कोविंद की उम्मीदवारी पर खास फर्क नहीं पड़ता। एनडीए आसानी से कोविंद को राष्ट्रपति बनवा देती।
विपक्ष की मीटिंग़ कल, 26 मई को सोनिया के लंच में ये नेता हुए थे शामिल
- राष्ट्रपति चुनाव को लेकर विपक्ष की 22 जून को बैठक करेगा। इससे पहले, 26 मई को सोनिया गांधी ने विपक्षी नेताओं के लिए लंच होस्ट किया था। इसमें विपक्ष की 16 पार्टियां शामिल हुई थीं।
1. कांग्रेस: सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह, 2. एनसीपी- शरद पवार, 3. सीपीआई(एम) - सीताराम येचुरी , 4. सीपीआई- डी राजा , 5 आरजेडी- लालू प्रसाद यादव, 6. टीएमसी- ममता बनर्जी , 7. बीएसपी- मायावती , 8. एसपी - अखिलेश यादव 9. डीएमके- कनिमोझी, 10. जेडीयू- शरद यादव। नीतीश कुमार नहीं पहुंचे, 11. एआईयूडीएफ- बदरुद्दीन अजमल, 12. जेडीएल- एचडी देवगौड़ा, 13. इंडियन यूनियन ऑफ मुस्लिम लीग, 14. झारखंड मुक्ति मोर्चा, 15. केरल कांग्रेस, 16. नेशनल कॉन्फ्रेंस।
(नोट- 17. बीजू जनता दल, 18. तेलंगाना राष्ट्रीय समिति, 19. एआईएएमडीके सोनिया के लंच में शामिल नहीं हुईं।)
TRS, AIADMK और वाईएसआर कांग्रेस ने भी दिया एनडीए को समर्थन
- एनडीए के पास मौजूदा इलेक्टोरल कॉलेज 5,37,683 है जो कुल वोट का 48.93% है। वहीं, टीआरएस, एआईएडीएमके और वाईएसआर कांग्रेस ने एनडीए को समर्थन देने का एलान कर दिया है।
- टीआरएस के 1.99%, एआईएडीएमके के 5.39% और वाईएसआर कांग्रेस के 1.53% वोटों की मदद से एनडीए के पास 57.85% वोट हो गए हैं।
- बीजेडी चीफ और ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने एनडीए को सपोर्ट करने का फैसला किया है। बीजेडी के पास 2.99% वोट हैं।
इन दो दलों ने भी दिए UPA से अलग होने के संकेत
1) BSP: मायावती ने कहा है कि यूपीए अगर कोविंद से बेहतर दलित कैंडिडेट उतारे तो बीएसपी उस पर विचार करेगी। ऐसा नहीं होने पर वह कोविंद को सपोर्ट करेगी। बीएसपी के 0.86% वोट हैं।
2) SP:मुलायम सिंह भी एनडीए उम्मीदवार को सपोर्ट कर सकते हैं। ऐसा हुआ तो 2.37% के वोट भी एनडीए को मिलेंगे।
- जेडीयू के पास 1.91%. सपा का 2.37% और बसपा के पास 0.86% वोट हैं। अगर ये पार्टियां भी सपोर्ट करती हैं तो एनडीए के पास इलेक्टोरल कॉलेज के 65.98% वोट हो जाएंगे।
ऐसे होगा राष्ट्रपति चुनाव
# 4896 वोटर राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा ले सकेंगे। इनमें 4120 MLAs और 776 MPs शामिल हैं।
# 20 AAP के विधायकों के खिलाफ हाउस ऑफ प्रॉफिट के मामले में केस चल रहा है, लेकिन इलेक्शन कमीशन का कहना है कि आज की बात करें तो ये लोग वोट डाल सकेंगे।
# 12 नॉमिनेटेड राज्यसभा मेंबर्स भी वोट नहीं डाल सकेंगे। इसके अलावा, लोकसभा में दो एंग्लो-इंडियन कम्युनिटी के नॉमिनेटेड मेंबर्स भी वोट नहीं डाल सकेंगे।
# 10 खाली सीटें हैं राज्यसभा की, जिनके लिए चुनाव की घोषणा राष्ट्रपति चुनाव के बाद ही की जाएगी।
कितने वोट जरूरी
- टोटल MLAs: 4114
- टोटल MPs: 776
- MLAs की वोट वैल्यू: 5,49,474
- MPs की वोट वैल्यू: 5,48,408
- टोटल वोट वैल्यू: 10,98,882
- किसी भी दल को अपनी पसंद का प्रेसिडेंट बनाने के लिए 50% यानी 5,49, 442 वोटों की जरूरत है।
- लोकसभा, राज्यसभा, स्टेट असेंबली को मिलाकर टोटल 5,27,371 वोट होते हैं। कोविंद के एलान से पहले एनडीए का टोटल वोट पर्सेंटेज 48.10% है।
- साझा कैंडिडेट उतारने की स्थिति में सभी अपोजिशन पार्टियां एक हो जाती हैं तो टोटल वोट 5,68,148 होंगे यानी करीब 51.90%।
लोकसभा में बहुमत, 17 राज्यों में भाजपा सरकार और अब राष्ट्रपति भी, तो ये बड़े फैसले संभव...
- भूमि अधिग्रहण संशोधन विधेयक फिर लाए। तीन बार ऑर्डिनेंस लाने के बाद इसे ड्रॉप करना पड़ा था।
- लोकसभा-विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के लिए जरूरी कदम अब तेजी से उठाए जा सकते हैं।
- चुनावों की स्टेट फंडिंग पर बहस लंबे समय से चल रही है। पार्टी और सरकार इसे अमल में लाने के लिए नया कानून ला सकती है।

Share This News :