Home > देश विदेश ,slider news,
यूपी में इन दिनों क्या चल रहा है, पूरे देश की नजर है: लखनऊ में मोदी

लखनऊ.इंटरनेशनल योग डे से एक दिन पहले मंगलवार को नरेंद्र मोदी लखनऊ पहुंचे। यहां उन्होंने कई प्रोग्राम्स में हिस्सा लिया। एपीजे अब्दुल कलाम टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी में उन्होंने कहा- "उत्तर प्रदेश में जिस उमंग, उत्साह, साफ नजरिए के साथ विकास की यात्रा चल रही है, इससे देश के हर कोने में यूपी की पल-पल की घटनाओं की तरफ लोगों का ध्यान है। योगी जी की लीडरशिप में एक के बाद एक कदम उठाए जा रहे हैं। यूपी को तेज गति से आगे बढ़ाने के कोशिशों के लिए योगी जी और उनकी टीम को मैं बधाई देता हूं।" बता दें कि बुधवार को योग डे के मौके पर रमाबाई अंबेडकर पार्क में करीब 50 हजार लोगों के साथ योग करेंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बता दें, इससे पहले मोदी 19 मार्च को योगी आदित्यनाथ के सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह में लखनऊ आए थे। मोदी के स्पीच की अहम बातें...


1. वैज्ञानिक ऋषि की तरह होते हैं
- मोदी ने कहा-"आज मुझे ड्रग्स रिसर्च इंस्टीट्यूट में वक्त बिताने का मौका मिला। हमारे वैज्ञानिक इंसानियत के लिए सस्ते, कारगर और साइड इफेक्ट के बिना मरीज का उपचार करने वाले ड्रग्स बनाने के लिए अपनी पूरी जिंदगी लेबोरेटरी में बिता रहे हैं।"
-" वैज्ञानिक ऋषि की तरह होते हैं और अपने आपको समर्पित करके ये देखते हैं कि मानव को दुखों, शारीरिक पीड़ा से कैसे मुक्त किया जाए। ज्ञान-विज्ञान को आधुनिक साधनों से और सटीक कैसे बनाया जाए, उस पर वो काम कर रहे हैं। आज मानव के सामने आरोग्य के क्षेत्र में अनेक चुनौतियां हैं।"
- "एक दवाई बनाने में सालों बीत जाते हैं। सैकड़ों वैज्ञानिक खप जाते हैं। लेकिन, उसके पहले नई बीमारी जन्म ले लेती है। एक तरह की स्पर्धा चलती है। विज्ञान की मदद से इनोवेशन के सहारे हमें इन दोषों को परास्त करना है और गरीब से गरीब व्यक्ति को सस्ती और कारगर दवाई देने की चुनौती को स्वीकार करके विजयी होना है।"

2. साइंस इज यूनिवर्सल बट टेक्नोलॉजी मस्ट बी लोकल
मोदी ने कहा- "आज मुझे इस टेक्निकल यूनिवर्सिटी के भवन के लोकार्पण का भी अवसर मिला। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के साथ इसका नाम जुड़ा हुआ है। मैं नहीं मनाता हूं कि तकनीकी जगत के लिए कलाम जी से बड़ा कोई प्रेरणादायक नाम हो सकता है। साइंस इज युनिवर्सल बट टेक्नोलॉजी मस्ट बी लोकल। यही हमारे लिए चुनौती है।
- विज्ञान के सिद्धांत प्रतिपादित हो चुके हैं। ये ज्ञान मौजूद है। हमारी युवा पीढ़ी से अपेक्षा है कि उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से हम टेक्नोलॉजी में क्या बदलाव और आविष्कार किए जाएं, जो सामान्य आदमी की क्वालिटी ऑफ लाइफ में बदलाव लाए।"
- " हम दुनिया में गर्व कर रहे हैं कि भारत के पास 800 मिलियन नौजवानों की फौज है। इसके पास दिमाग भी है और अगर हाथ में हुनर हो, विज्ञान की ताकत और टेक्नोलॉजी की ताकत हो तो मेरे देश का नौजवान विश्व में डंका बजाने का साहस रखता है।"

3. डिफेंस सेक्टर में भारत आत्मनिर्भर बनेगा
- मोदी ने कहा- "टेक्नोलॉजी को समय से आगे चलना पड़ता है। दूर का देखना पड़ता है और भारत के नौजवानों में वो सामर्थ्य है। उस सामर्थ्य को लेकर हम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में चुनौतियों को कैसे पार करें, ये देखना है। आज भी डिफेंस के क्षेत्र में छोटी-मोटी चीज बाहर से लाते हैं।"
- "हम बहुत जल्द डिफेंस के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर नहीं बना सकते, क्या देश की सुरक्षा के लिए संसाधन, टेक्नोलॉजी, इक्विपमेंट हम भारत में ही नए आविष्कार के साथ क्यों नहीं बना सकते? सुरक्षा के क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर कैसे बने? इस सपने को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमने नीतिगत परिवर्तन किए। हमने डिफेंस में FDI 100% की, कारोबारियों को हिस्सा लेने के लिए कहा... ये सारे अवसर टेक्नोलॉजी से जुड़े हुए युवा पीढ़ी के लिए है।"

4. स्टूडेंट्स नई खोज करें
- "अब डॉक्टर तय नहीं करता कि बीमारी क्या है, ये मशीन तय करती है। बाद में डॉक्टर मशीन की रिपोर्ट के आधार पर आपके लिए दवाइयां क्या होगा, ऑपरेशन आदि का फैसला करता है। भारत जैसे बड़े देश में मेडिकल इक्विपमेंट की मैन्युफैक्चरिंग के लिए हमारे टेक्निकल स्टूडेंट नए खोज के बारे में सोचें, नई खोज-नए निर्माण की दिशा में जाएं।"

5. जीएसटी पर एक साथ आने के लिए सभी दलों का धन्यवाद
- मोदी ने कहा- "एक जुलाई से जीएसटी शुरू हो रहा है। ये इस देश के लिए गर्व की बात है। देश के सभी राजनेता, दल और राज्य सरकारें मिलकर एक ऐसा ऐतिहासिक काम करने जा रहे हैं, जिससे 1 जुलाई से देश की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा परिवर्तन आ जाएगा। दल से ऊपर देश, ये हिंदुस्तान के सभी राजनीतिक दलों ने दिखा दिया है।"
- "मैं सभी राजनीतिक दलों, राज्य सरकारों, विधानसभा, लोकसभा-राज्यसभा का आभारी हूं। मुझे विश्वास है कि एक जुलाई के बाद नागरिकों के सहयोग से, व्यापारियों के सहयोग से सफलता के साथ जीएसटी में आगे बढ़ेंगे।"
-" ये दुनिया के लिए अजूबा होगा कि इतना बड़ा देश कितना बड़ा ट्रांसफरमेशन कर सकता है। भारत के लोकतंत्र की ताकत का दुनिया को पता चलेगा। ये लोकतंत्र में राजनीतिक दलों की मैच्योरिटी की ताकत है। इसका क्रेडिट सवा सौ करोड़ लोगों की मैच्योरिटी को जाता है।"

1 घंटे 20 मिनट तक योग कार्यक्रम में रहेंगे
- बुधवार की सुबह 6.15 बजे मोदी राजभवन से निकलेंगे और 6.30 बजे रमाबाई अंबेडकर ग्राउंड पहुंचेंगे। वे यहां 6.30 से 7.50 तक योग दिवस मनाएंगे।
- 8.05 बजे वे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

400 सीसीटीवी कैमरे के साथ 26 एसपी करेंगे निगरानी
- रमाबाई मैदान की निगरानी के लिए 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ट्रैफिक और पार्किंग के लिए बड़े लेवल पर इंतजाम किया गया है।
- बारिश होने की आशंका को देखते हुए छातों और रेनप्रूफ सामानों की भी व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर 'नो फ्लाइंग जोन' रहेगा।
- इसके अलावा पीएम के प्रोग्राम को देखते हुए शहर में कई जगह ट्रैफिक में भी बदलाव किया गया है।

11000 पुलिसकर्मी होंगे सिक्युरिटी में
- मोदी की सुरक्षा में 26 एसपी, 51 एएसपी, 137 सीओ, 224 इंस्पेक्टर, 992 एसआई, 163 महिला एसआई को तैनात किया जाएगा।
- इसके अलावा 295 हेड कॉन्स्टेबल, 3700 कॉन्स्टेबल, 480 महिला कॉन्स्टेबल, 12 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 157 एसआई ट्रैफिक, 123 हेड कॉन्स्टेबल ट्रैफिक तैनात किए जाएंगे।
- 497 कॉन्स्टेबल ट्रैफिक, 10 सेंट्रल आर्म्ड पुलिसफोर्स, 25 कंपनी पीएसी तैनात की जाएगी। साथ ही एटीएस की 2 टीमें पीएम की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात की गई हैं। एडीजी जोन लखनऊ अभय प्रसाद को नोडल अफसर बनाया गया है।

Share This News :