Homeअपना शहर ,खास खबरे,
बलिदान दिवस कार्यक्रम में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी होः बरूआ

भाजपा मनाएगी बलिदान दिवस 23 जून को
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक आज गोले के मंदिर स्थित सिद्धेश्वर मंदिर परिसर में संपन्न हुई। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के समस्त जिला पदाधिकारी, मोर्चे एवं प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, मंडलों के अध्यक्षगण एवं महामंत्रीगण मौजूद थे। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ एवं बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने की।
बैठक की शुरूआत में भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा ने बैठक के विषय को जिला पदाधिकारियों के बीच में रखते हुए कहा कि आगामी 23 जून को डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि है। भारतीय जनता पार्टी उनकी पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाती है। इस बार जिले के प्रत्येक मंडल के मतदान केंद्र पर स्व. मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि होगी एवं नियुक्त पदाधिकारी स्व. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के जीवन पर उनके कार्यों पर प्रकाश डालेंगे। शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व 21 जून को योग दिवस है योग दिवस के आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के समस्त कार्यकर्ता भाग लेंगे जहां जहां पर योग दिवस का कार्यक्रम होगा। 
बैठक को मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरूआ ने संबोधित करते हुए विस्तारपूवक बताया कि 21 जून को योग दिवस के कार्यक्रम में प्रत्येक कार्यकर्ता भाग लें। योग की यह परंपरा जो कि अब संपूर्ण विश्व में प्रचलित हो गई है। यह योग भारतवर्ष की ही देन है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व भर में योग का संदेश भी दिया है। बलिदान दिवस के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 23 जून को परम श्रद्धेय स्व. डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मना रहे हैं। स्व. मुखर्जी जी के बलिदान के कारण ही आज कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना हुआ है। यह बलिदान दिवस पूरे जिले में और विस्तार से मनाया जाए इसके लिए प्रत्येक मंडल के प्रत्येक मतदान केंद्र पर यह कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में सामूहिक चर्चा भी होगी। स्व. मुखर्जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर भाषण भी होगा। पदाधिकारीगण यह सुनिश्चित करें कि इस कार्यक्रम में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी हो। 
बैठक में प्रमुख रूप से भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री कमल माखीजानी, उपाध्यक्ष अशोक जादौन, जिलामंत्री सोनू मंगल, संभागीय मीडिया प्रभारी सुबोध दुबे, अरूण कुलश्रेष्ठ, देवेंद्र पवैया, विनोद शर्मा, दीपक शर्मा, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विवेक शर्मा, प्रमोद खंडेलवाल, रमाकांत महेते, श्रीमती नीरू ज्ञानी, श्रीमती रेशु राजावत, देवपाल जादौन आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This News :