Homeअपना शहर ,
दशहरा और मोहर्रम की व्यवस्थाओं के लिये पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की बैठक संपन्न

सभी समुदायों के त्यौहार हर्षोल्लास के साथ तनावरहित वातावरण में संपन्न हो सकें इसके लिये जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं । कलेक्टर डा संजय गोयल ने कहा है कि प्रशासन द्वारा धार्मिक जुलूसों के लिये रूटों का निर्धारण आयोजन समितियों के साथ किया गया है। इसमें किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वालों के साथ प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उन्होंने यह निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में दिये हैं । बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हरिनारायणचारी मिश्रा, एडीएम श्री शिवराज वर्मा सहित सभी एडीशनल एस पी, एसडीएम, सीएसपी और अन्य मैदानी अधिकारी उपस्थित थे ।

     कलेक्टर डा संजय गोयल ने कहा है कि दशहरा और मोहर्रम के त्योहार के अवसर पर किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो इसके लिये प्रशासन और पुलिस का अमला पूर्णतया सतर्क रहेगा । उन्होंने कहा कि सभी कार्यपालिक दंडाधिकारी और पुलिस के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजन समितियों के साथ बैठक कर निकाले जाने वाले चल समारोहों का समय निर्धारित करें। जिससे दोनो समुदायों के चल समारोह व्यवस्थित रूप से निर्वाध रूप से निकल सकें ।

     पुलिस अधीक्षक श्री मिश्रा ने कहा कि दशहरा के अवसर पर रावण दहन होने वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाये । समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर रावण दहन समारोह के समय का निर्धारण भी पूर्व से कर लिया जाये । इन स्थानों पर आने वाले लोगों की वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था इस प्रकार की जाये ताकि यातायात प्रभावित न हो । उन्होंने शहर के चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिये ।

     एडीएम श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा 10 अक्टूबर को दुर्गा विसर्जन के व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिये आठ रूट तय किये गये हैं। इसके साथ ही छत्रीमंडी रामलीला का चल समारोह , बजरंग दल के पद संचलन का रूट भी निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही 11 अक्टूबर को कत्ल की रात और 12 अक्टूबर को ताजिया विसर्जन के लिये पांच रूट तय किये गये हैं। दोनो समुदायों के चल समारोहों को निर्धारित रूट से जाने की अनुमति ही प्रदान की जायेगी ।

Share This News :