Homeअपना शहर ,
गंभीर बीमारी से पीड़ित दिलीप को नियमित रूप से मिलेंगीं नि:शुल्क दवाईयाँ जन-सुनवाई ने दिया सहारा

गंभीर बीमारी से पीड़ित दिलीप को नि:शुल्क औषधियाँ मिलेंगी। प्रदेश सरकार की पहल पर आयोजित हो रही जन-सुनवाई उसकी संबल बनी है। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने जिला चिकित्सालय के अधीक्षक को नियमित रूप से दिलीप के लिये नि:शुल्क दवाईयाँ मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में इस बार कुल 261 फरियादियों की समस्यायें सुनी गईं।

      बघेल मोहल्ला हुरावली निवासी श्रीमती द्रोपदी बाई ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में पहुँचकर कलेक्टर को अपनी व्यथा सुनाई। उनका कहना था कि एनीमिया की गंभीर बीमारी से पीड़ित मेरे बेटे का इलाज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा है। मगर परिवार के आर्थिक हालात ठीक न होने से हर हफ्ते मँहगी दवाईयाँ जुटाने में हमें खासी कठिनाई आ रही है। डॉ. गोयल ने द्रोपदी बाई को भरोसा दिलाया कि उनके बेटे को अब जिला चिकित्सालय के माध्यम से नियमित रूप से दवाईयाँ मुहैया कराई जायेंगी।

      कलेक्टर ने इसके अलावा गरीबी रेखा से नीचे के परिवार की एक अन्य महिला को इलाज के लिये मदद मुहैया कराने का भरोसा भी दिलाया। अग्नि दुर्घटना में बुरी तरह जल जाने से इस महिला का चेहरा विकृत हो गया है। डॉ. गोयल ने राज्य बीमारी सहायता निधि से इस महिला को मदद का आश्वासन दिया है।

      जन-सुनवाई में पहुँचे सभी 261 फरियादियों की कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह एवं अपर कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा सहित जिला प्रशासन ने एक-एक कर समस्यासें सुनीं। साथ ही उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की। जन-सुनवाई में एसडीएम सर्वश्री महिप तेजस्वी, रिंकेश वैश्य, गणेश जायसवाल, एच बी शर्मा व डिप्टी कलेक्टर श्री आर सी मिश्रा ने भी जन सामान्य से आवेदन प्राप्त किए।

Share This News :