Homeअपना शहर ,खास खबरे,
कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देश

ग्वालियर । उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने प्रदेश के महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के लिये उच्च शिक्षा संचालनालय में हेल्पलाइन नम्बर जारी करने को भी कहा। श्री पवैया ने बीते रोज भोपाल स्थित मंत्रालय में नवीन शिक्षा सत्र की प्रवेश प्रक्रिया तथा प्रदेश के महाविद्यालयों में सत्रारंभ की समीक्षा की। श्री पवैया ने निर्देश दिये कि एक जुलाई सत्रारंभ दिवस के रूप में छात्रों द्वारा विद्यार्जन एवं अनुशासन के संकल्प के साथ मनाया जाये।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रवेशार्थी छात्र-छात्राओं को कोई कठिनाई नहीं हो और सभी महाविद्यालय में सहायता-केन्द्र तथा संचालनालय में सुबह से शाम तक हेल्पलाइन विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिये स्थापित की जाये। उन्होंने आज से ही पोर्टल शुरू करने के निर्देश दिये। पवैया ने कहा कि तीन चरण में चलने वाली प्रवेश प्रक्रिया में मुख्यमंत्री की घोषणानुसार छात्राओं को शिक्षण शुल्क से मुक्त रखने, शहीदों के परिवार, विकलांगों के आरक्षित कोटे और अनुसूचित जाति-जनजाति के आरक्षण का पूर्ण रूप से पालन किया जाये। उन्होंने कहा कि फीस के ऑनलाइन भुगतान के लिये ऐसी व्यवस्था नियत की जाये कि गाँव से आने वाले नये विद्यार्थियों को समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
 
कन्या महाविद्यालय में प्रवेश-द्वार पर आई.डी. देखकर प्रवेश होगा 
उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने नये सत्र में पूर्ण अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण तथा उपस्थिति में कसावट लाने को कहा। उन्होंने कहा कि कन्या महाविद्यालयों के प्रवेश-द्वार पर छात्राओं के अलावा अन्य का आई.डी. देखकर रजिस्टर में एन्ट्री करने के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जाये। साथ ही सी.सी. टी.व्ही. कैमरे अनिवार्य रूप से लगाये जायें।
 
गणवेश होगा अनिवार्य
पवैया ने निर्देश दिये कि 15 से 30 जुलाई के बीच स्थानीय कॉलेज प्रशासन द्वारा निर्धारित गणवेश में ही छात्रों को अनुमति दी जाये। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद गणवेश के बगैर कक्षाओं में प्रवेश न हो। शिक्षकों की उपस्थिति के लिये बॉयोमेट्रिक मशीनों की सुचारु व्यवस्था के लिये प्राचार्यो र्को जिम्मेदार बनाया जाये। जो छात्र 10 दिन से अधिक कक्षा में गैर-हाजिर रहे, उन्हें नियमित छात्र बने रहने के लिये नोटिस की व्यवस्था हो। श्री पवैया ने कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की रैली अथवा उच्च शिक्षा को प्रभावित करने वाली अन्य गतिविधियों की किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं देने का परिपत्र जारी करने को कहा।
 
इस तरह होगा सत्रारंभ
महाविद्यालय में 30 जून तक प्रवेशित छात्र का एक जुलाई को सत्रारंभ कार्यक्रम में संकल्प के साथ प्रवेश होगा। इसमें राष्ट्र-गीत के साथ स्वामी विवेकानंद का छात्रों के लिये बोध वाक्य का वाचन भी होगा। भारत-माता के चित्र के समक्ष सभी विद्यार्थी द्वारा अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ ज्ञानार्जन का निर्धारित संकल्प लिया जायेगा।10 जुलाई को सभी महाविद्यालय में "गुरुवे: नम:'' कार्यक्रम होगा। इसमें छात्रों द्वारा शिक्षकों का सम्मान तथा निर्धारित विद्वानों का व्याख्यान होगा। 
बैठक में प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा आशीष उपाध्याय मौजूद थे। आयुक्त उच्च शिक्षा नीरज मण्डलोई ने बताया कि 4 जून से हेल्पलाइन डेस्क शुरू की जायेगी। इसके लिये सुबह 8 से रात 8 बजे तक दूरभाष क्रमांक 0755-2551698 पर सम्पर्क किया जा सकेगा।

Share This News :