Homeअपना शहर ,खास खबरे,
हरीशंकरपुरम कॉलोनी के निवासियों को 15 जून से मिलेगा तिघरा का पानी : माया सिंह

चार सीमेंट कंक्रीट सड़क का किया भूमि पूजन 
 
ग्वालियर । हरीशंकरपुरम कॉलोनी के निवासियों को 15 जून से मिलेगा तिघरा का पानी। कॉलोनी के सातों पार्कों का होगा विकास। इसके साथ ही कॉलोनी की मुख्य सड़क निर्माण का कार्य भी शीघ्र किया जायेगा। यह बात प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने शुक्रवार को हरीशंकरपुरम कॉलोनी की चार गलियों में 18 लाख रूपए की लागत से सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण के भूमि पूजन अवसर पर कॉलोनीवासियों से कही। 
इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती वंदना सतीश यादव, महिला मोर्चे की जिला अध्यक्ष श्रीमती विनती शर्मा, ब्राण्ड एम्बेसडर कु. शिवानी रूनवाल, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती नीरू सिंह, हरीशंकरपुरम कॉलोनी संघ के अध्यक्ष पालीवाल सहित गणमान्य नागरिक और कॉलोनीवासी उपस्थित थे। नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि कॉलोनी के लोगों द्वारा तिघरा के पानी की माँग की गई है। 15 जून तक नगर निगम कार्य कर कॉलोनीवासियों को तिघरा का पानी उपलब्ध करायेगा। इसके साथ ही कॉलोनी में स्थित सातों पार्कों का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। इन पार्कों में से एक पार्क बच्चों के लिये और एक पार्क ओपन जिम के लिये विकसित किया जायेगा। पार्कों के विकास में अगर आवश्यकता हुई तो विधायक निधि का भी उपयोग किया जायेगा। 
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि कॉलोनी की दो मुख्य सड़कों के निर्माण का कार्य भी शीघ्र ही प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि कॉलोनी की सीवर समस्या और आवारा पशुओं से निजात के लिये नगर निगम का अमला तत्परता से कार्रवाई करेगा। श्रीमती माया सिंह ने लोगों से कहा कि ग्वालियर स्मार्ट सिटी में शामिल हो चुका है। ग्वालियर में कचरा प्रबंधन का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। इसके प्रारंभ होने से ग्वालियर में कचरा प्रबंधन के साथ-साथ बिजली बनाने का कार्य भी प्रारंभ हो जायेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के मामले में ग्वालियर में अच्छा काम किया गया है। स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता आई है। इस कार्य को हमें और आगे तक ले जाने की आवश्यकता है। मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर व्यक्ति को उसका आवास उपलब्ध कराने की गारंटी दी है। इसके लिये प्रदेश सरकार सभी शहरों में प्रधानमंत्री आवास निर्माण का कार्य तेजी से कर रही है। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में हरीशंकरपुरम कॉलोनी संघ के अध्यक्ष पालीवाल ने कॉलोनी की समस्याओं से अवगत कराया। इसके साथ ही कॉलोनी के सामुदायिक भवन को कॉलोनी समिति को देने की मांग भी की। कार्यक्रम में कॉलोनी निवासियों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कॉलोनी की समस्याओं के निराकरण के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए गए।

Share This News :