Homeअपना शहर ,खास खबरे,
इंदौर से ग्वालियर, दिल्ली और मुंबई के बीच शुरू होंगी दो नई फ्लाइट

इंदौर.इंदौर से ग्वालियर, दिल्ली और मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर। एयर इंडिया के स्वामित्व वाली एलाइंस एयर 31 मई से इंदौर से इन शहरों के लिए दो नई उड़ानें शुरू करेगी। कुछ समय पहले केंद्र सरकार ने ऐसे शहर जहां हवाई सेवा बहुत कम है या नहीं है, के लिए रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम ‘उड़ान’ की घोषणा की थी।
 
इसके तहत एयर इंडिया मप्र में पहली बार दो नई उड़ानें शुरू करेगी। एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर विकास शाह ने बताया कि 31 मई से दोनों उड़ानें शुरू की जाएंगी। 2 जून से ये सप्ताह में तीन दिन (बुधवार, शुक्रवार और रविवार) चलेंगी। 2 जून से पहली उड़ान सुबह 10.30 बजे मुंबई से रवाना होकर 12.15 बजे इंदौर आएगी। इंदौर से 12.50 बजे रवाना होकर 2 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। 2.30 बजे ग्वालियर से उड़ान भरकर 3.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी उड़ान सुबह 10.50 बजे दिल्ली से निकलकर 11.45 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। ग्वालियर से 12.15 बजे रवाना होकर 1.40 बजे इंदौर आएगी। इंदौर से 2.10 बजे उड़ान भरकर विमान 3.50 बजे मुंबई पहुंचेगा। 31 मई को मुंबई-इंदौर-ग्वालियर-दिल्ली उड़ान तय शेड्यूल पर चलेगी। वहीं, दिल्ली-ग्वालियर-इंदौर-मुंबई उड़ान तय शेड्यूल से एक घंटे पूर्व चलेगी।
 
इंदौर से ग्वालियर के लिए पहली उड़ान
एयर इंडिया अधिकारियों ने बताया कि इंदौर-ग्वालियर हवाई रूट पर यह पहली उड़ान होगी। इससे दिल्ली और मुंबई के लिए यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प भी मिल सकेगा।

Share This News :