Homeअपना शहर ,खास खबरे,
उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने प्रस्तावित ओवरब्रिज का मौका मुआयना किया

ग्वालियर | प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने रविवार को कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, नगर निगम आयुक्त  à¤…नय द्विवेदी, पर्यटन विकास विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक राणा, सेतु निगम के जादौन के साथ ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में 58 करोड़ रूपए की लागत से प्रस्तावित दो आरओबी पुलों का मौका मुआयना किया। इसके साथ ही लक्ष्मीबाई समाधि का एक करोड़ 50 लाख रूपए से पर्यटन विकास की सौंदर्यीकरण योजना को अंतिम रूप दिया। 
उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने झाँसी की रानी की समाधि के सामने के प्रांगण में क्रांति पार्क बनाने के लिये प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टर से कहा कि सभी कानूनी बाधायें दूर करते हुए भोपाल में बने शहीद पार्क की तर्ज पर ग्वालियर में भी क्रांति पार्क तैयार करने की कार्ययोजना बनाई जाए। शहीद पार्क में क्रांतिकारियों के शस्त्र व दस्तावेजों का म्यूजियम भी डिजाइन करने की हिदायत दी गई। इस म्यूजियम में क्रांतिकारियों से संबंधित ग्रंथालय को भी रखा जाए। उन्होंने समाधि को आकर्षक बनाने के लिये पर्यटन विभाग को पुन: प्रोजेक्ट तैयार करने की सलाह दी। समाधि सौंदर्यीकरण के लिये पर्यटन विभाग द्वारा एक करोड़ 50 लाख रूपए की राशि मंजूर की गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग झाँसी की रानी समाधि स्थल को ऐसा विकसित करे जिसे देखने देश और विदेश के पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो। 
उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया तानसेन रोड़ गाटर वाली पुलिया मार्ग पहुँचे, यहाँ पर 35 करोड़ रूपए की लागत से रेसकोर्स रोड़ को जोड़ने वाला रेलवे ओव्हरब्रिज भू-तल परिवहन मंत्रालय से मंजूर कराया गया है। उन्होंने सेतु विकास निगम के अधिकारियों को वर्तमान अण्डब्रिज मार्ग भी यथावत रखने की सलाह दी। इस ओवरब्रिज के बन जाने से ग्वालियर क्षेत्र में यातायात और सुगम होगा। इस रेलवे ओवरब्रिज को राज्य सरकार के प्रस्ताव पर 23 करोड़ रूपए की लागत से भू-तल परिवहन मंत्री द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। भ्रमण के दौरान पर्यटन विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधन श्री राणा ने विभाग द्वारा झाँसी की रानी समाधि स्थल के सौंदर्यीकरण के लिये हाथ में लिए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाधि स्थल पर विभाग द्वारा कई कार्य लिए गए हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से समाधि स्थल और भी सुंदर और दर्शनीय हो जायेगा। सेतु विकास निगम के अधिकारियों ने रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के संबंध में विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई से अवगत कराया। 
कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने उच्च शिक्षा मंत्री को आश्वस्त किया कि भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के परिपालन में समाधि स्थल के सामने क्रांति पार्क बनाने के लिये शीघ्र ही एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जायेगी। इस कार्ययोजना के तहत क्रांति पार्क में क्रांतिकारियों के अस्त्र-शस्त्र, दस्तावेजों के लिये एक म्यूजियम भी डिजाइन कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि समाधि स्थल पर ही बताए गए कार्यों को पर्यटन विभाग के माध्यम से समय-सीमा में पूर्ण कराने की कार्रवाई की जायेगी। 
भ्रमण में उनके साथ डॉ. हरिमोहन पुरोहित, राकेश खुरासिया, गजेन्द्र राठौर, दारासिंह सेंगर, जगराम कुशवाह, जयसिंह सोलंकी, हरीश यादव, रूपेन्द्र चौहान, महेश भदौरिया, मुन्ना चौहान, कक्कू राजावत आदि उपस्थित थे।

Share This News :