Homeअपना शहर ,
राष्ट्रपति श्री मुखर्जी का नगर आगमन आज

लगभग तीन घंटे रहेंगे ग्वालियर प्रवास पर, विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी सोमवार 03 अक्टूबर को ग्वालियर पधारेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार श्री मुखर्जी लगभग तीन घंटे ग्वालियर शहर में व्यतीत करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति दो कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

      राष्ट्रपति के प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार श्री मुखर्जी वायुसेना के विशेष विमान से महाराजपुरा एयरबेस पर अपरान्ह 3.35 बजे आयेंगे। एयरबेस पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री ओ.पी. कोहली, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य सरकार के मंत्रिगण व महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा, पुलिस महानिदेशक श्री ऋषि कुमार शुक्ला समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी स्वागत के लिये मौजूद रहेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अपरान्ह 04 बजे सर्वप्रथम जीवाजी विश्वविद्यालय के जिम्नेजियम हॉल में पहुँचकर नगर निगम द्वारा आईएचएसडीपी के तहत लगभग 81 करोड़ रूपए की लागत से बनाए गए 1088 आवासों का लोकार्पण कर हितग्राहियों को आवास की चाबी प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति सांकेतिक रूप से 6 हितग्राहियों को अपने हाथों से स्वयं चाबी प्रदान करेंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति महोदय के साथ राज्यपाल श्री ओ.पी. कोहली, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया, महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, भी उपस्थित रहेंगे।

इसके उपरांत राष्ट्रपति सायं 5 बजे सिंधिया कन्या विद्यालय के 60वें स्थापना दिवस समारोह में पहुँचेंगे। राष्ट्रपति सर्वप्रथम कन्या विद्यालय परिसर स्थित कमला भवन क्लॉक टॉवर का उदघाटन करेंगे। इसके बाद विद्यालय की प्रबंध समिति, स्टाफ और छात्र संघ के सदस्यों के साथ फोटो सेशन में भाग लेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति मुख्य समारोह स्थल पर पहुँचेंगे, जहाँ पर राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। यह कार्यक्रम सायं 6.15 बजे तक आयोजित किया जायेगा। इसके उपरांत राष्ट्रपति विमानतल के लिये रवाना होंगे। वहाँ से सायं 6.55 बजे नईदिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगे।

Share This News :