Homeअपना शहर ,
बापू स्वच्छता के प्रबल पक्षधर थे – श्री पवैया

रमटापुरा में सामूहिक स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल हुए उच्च शिक्षा मंत्री

जो मन, वचन व कर्म तीनों में एक समान व सत्य के साथ रहते हैं, वे महामानव कहलाते हैं। ऐसे ही महामानव राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी में यह सभी खूबियाँ थीं। वे स्वच्छता के प्रबल पक्षधर थे। इसीलिए बापू पूरे देश के लिये पूज्य हैं। यह बात उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कही। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी से प्रेरणा लेकर ही देशभर में स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया है।     

श्री पवैया राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के जन्मदिवस पर आज यहाँ रमटापुरा पुल, सहयोग गार्डन, तानसेननगर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के तहत आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों के साथ झाडू लगाई और स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा ऐसे आयोजनों से क्षेत्रीय निवासियों को स्वभाव में स्वच्छता अपनाने के लिये प्रोत्साहन मिलता है। इसलिये स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरण कार्यक्रम चलाने की जरूरत है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत इसी प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय पार्षद श्री धर्मेन्द्र सिंह तोमर, श्रीमती रेखा धौलाखण्डी व श्री कनवर मंगलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकगणों ने उच्च शिक्षा मंत्री के साथ स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम के बाद उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया यहाँ माधव डिस्पेंसरी के समीप स्थित जैन छात्रावास में क्षमावाणी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित हुए कार्यक्रम में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षमावाणी पर्व भारतीय जीवन मूल्यों की सच्ची तस्वीर प्रस्तुत करता है। साथ ही नागरिकों को एक दूसरे की गलतियों को भुलाकर प्रेम भाव से एक साथ रहने की प्रेरणा भी इस पर्व से मिलती है।

Share This News :