Homeअपना शहर ,खास खबरे,
मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के नवीन शोरूम “कबीरा” का शुभारंभ केन्द्रीय मंत्री करेंगे

ग्वालियर । मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा ग्वालियर में लगभग एक करोड़ रूपए की लागत से बनाए गए तीन मंजिला “खादी ग्रामोद्योग एम्पोरियम-कबीरा” का शुभारंभ 11 मई को दोपहर 3 बजे केन्द्रीय पंचायतीराज, पेयजल एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा किया जायेगा। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश जी आर्य करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा, विधायक नारायण सिंह कुशवाह तथा देवेश शर्मा उपस्थित रहेंगे। खादी ग्रामोद्योग द्वारा नवीन एम्पोरियम पाटनकर बाजार, गश्त का ताजिया, लश्कर ग्वालियर क्षेत्र में प्रारंभ किया जा रहा है। मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी श्रीमती रेनू तिवारी ने गश्त का ताजिया पहुँचकर एम्पोरियम में तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर एडीएम शिवराज वर्मा भी उपस्थित थे। 
खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उत्पादों ने मचाई धूम – श्रीमती तिवारी 
श्रीमती तिवारी ने बताया कि प्रदेश में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा स्थानीय कुटीर उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में एम्पोरियम का संचालन किया जा रहा है। जिनमें प्रदेश के स्थानीय शिल्पियों और कारीगरों द्वारा तैयार किए गए खादी, सिल्क और सूती कपड़े से बने हुए वस्त्र का विक्रय किया जाता है। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा देश के ख्यातिमान फैशन डिजाइनरों के साथ कांट्रेक्ट कर आधुनिक नवीन कपड़े तैयार कराए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आज के युवाओं में सूती और खादी कपड़े से बने अलग-अलग डिजाइन और लुक वाले कपड़ों के प्रति आकर्षण बढ़ा है। विभिन्न सेलेब्रिटीज द्वारा भी मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग द्वारा तैयार किए गए फैशन और डिजाइन के कपड़ों का उपयोग किया जा रहा है। परिणाम स्वरूप इनकी माँग लगातार बढ़ रही है। 
श्रीमती तिवारी ने बताया कि इसके साथ-साथ मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा विंध्या वैली के नाम से विभिन्न गुणवत्ता वाले घरेलू उपयोग के उत्पाद तैयार कराए जाते हैं। जिनमें चटपटे अचार, मसाले, वैल्यु एडेड मसाले, पापड़, सॉस, जैम, मुरब्बा, हर्बल उत्पाद और तेल तैयार कर उनका विक्रय इन एम्पोरियमों के माध्यम से प्रदेश में और प्रदेश के बाहर विक्रय किया जाता है। पूर्णत: स्वदेशी और परंपरागत व आधुनिक मशीनी तकनीकी के माध्यम से तैयार किए गए इन उत्पादों की बाजार में माँग लगातार बढ़ती जा रही है। 
उन्होंने बताया कि विंध्या वैली द्वारा पैकेज्ड़ ड्रिंकिंग वाटर भी तैयार किया गया है, जो 200 मि.ली. से लेकर 20 लीटर तक के पैक में उपलब्ध है। विंध्या वैली द्वारा तैयार की गईं अगरबत्ती ने बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि विंध्या वैली द्वारा प्रदेश के सीहोर, रायसेन, विदिशा, होशंगाबाद और मालवा में उत्पादित गेहूँ से उच्च गुणवत्ता का आटा, बेसन, दलिया का 100 प्रतिशत शुद्ध निर्माण कराकर विक्रय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खादी ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा तैयार किए गए सभी उत्पाद उत्तम गुणवत्ता के साथ-साथ न्यूनतम कीमतों पर उपलब्ध हैं।

Share This News :