Home > देश विदेश ,slider news,
केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप से अन्ना हजारे दुखी, मनोज तिवारी बोले- ये तो गवाही है

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर AAP नेता कपिल मिश्रा ने भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है. शनिवार को मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद कपिल मिश्रा ने आज केजरीवाल पर सत्येंद्र जैन से 2 करोड़ रुपये घूस लेने का आरोप जड़ दिया है. जिससे दिल्ली की सियासत गर्म हो गई है. केजरीवाल में लगे आरोप से सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे भी दुखी हैं.

 

अन्ना हजारे बेहद दुखी
'आज तक' से बातचीत में अन्ना हजारे ने कहा कि टीवी पर केजरीवाल से जु़ड़ी भ्रष्टाचार की खबरें देखकर वो बेहद दुखी हैं. इस मामले में वो पहले पूरी जानकारी लेंगे उसके बाद ही कोई राय देंगे. अन्ना का कहना है कि केजरीवाल भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़कर ही मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि भरोसा तो उनका उसी दिन टूट गया था जब केजरीवाल के मंत्रियों पर तमाम तरह के संगीन आरोप लग रहे थे और उन्हें इस्तीफा तक देना पड़ रहा था.

बता दें, दिल्ली के जंतर-मंतर पर अन्ना का भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से ही केजरीवाल उभर कर सामने आए थे. जिसके बाद केजरीवाल की अगुवाई में राजनीतिक पार्टी बनाई गई और दिल्ली की सत्ता तक पहुंची है.

ये आरोप नहीं, गवाही है...
केजरीवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप से विपक्ष को बैठे बिठाए मुद्दा हाथ लग गया है. क्योंकि केजरीवाल तमाम पार्टियों के नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते रहते हैं. ऐसे में अगर AAP के नेता ही अगर केजरीवाल पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हैं तो फिर विपक्ष का हमलावर होना लाजिमी है. दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कपिल मिश्रा के बयान को आरोप नहीं गवाही करार दिया. उन्होंने कहा कि आरोप तो विपक्ष लगाता है और लगाते आए हैं. लेकिन जो कपिल मिश्रा कह रहे हैं वो सीधा-सीधा भ्रष्टाचार को लेकर केजरीवाल के खिलाफ गवाही है. इसलिए केजरीवाल को मुख्यमंत्री के पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए

Share This News :