Home > देश विदेश ,slider news,
SC ने कहा- निर्भया केस सदमे की सुनामी थी, चारों दोषियों की फांसी की सजा बरकरार

पूरे देश और सिस्टम को झकझोर देने वाले निर्भया गैंगरेप केस में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए चारों दोषियों की फांसी की सजा को बरकरार रखी. कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए निर्भया कांड को 'सदमे की सुनामी' बताया. कोर्ट का फैसला आते ही कोर्ट रूम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. चारों दोषियों ने फांसी की सजा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दायर की थी. सूत्रों के मुताबिक फैसले के बाद तिहाड़ जेल में दोषियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई.

सुप्रीम कोर्ट ने 27 मार्च को सुनवाई के बाद इस केस में अपना फैसला सुरक्षित रखा था. 5 मई, 2017 को सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपक मिश्रा ने अपना फैसला पढ़ते हुए चारों दोषियों की मौत की सजा को बरकरार रखा.

निर्भया के घर वालों ने फैसले का किया स्वागत
सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्भया गैंगरेप मामले में सभी दोषियों को फांसी की सजा दिए जाने का पीड़िता के परिजनों ने स्वागत किया है. पीड़िता की मां आशा देवी ने कहा कि शीर्ष अदालत के इस फैसले से उनकी बेटी को इंसाफ मिला है. हम सबको इंसाफ मिला है, लेकिन बेटी को खोने का मलाल सब दिन रहेगा. उन्होंने कहा- 'हमारी कानून व्यवस्था थोड़ी लचर जरूर है, लेकिन आज मैं मानती हूं कि कानून में देर हैं, लेकिन अंधेर नहीं है.' उन्होंने कहा कि आगे भी सिस्टम के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी. जबकि निर्भया के पिता ने कहा कि आज के दिन उन्हें बेटी की याद आ रही है, हमें इंसाफ मिलने की पूरी उम्मीद थी. 

क्या हुआ था राजधानी की सड़कों पर 16 दिसंबर, 2012 की रात, पढ़िएः

दिल्ली पर दाग!
16 दिसंबर 2012 की वो रात दिल्ली के चेहरे पर एक बदनुमा दाग की तरह बन गई. उस रात एक चलती बस में पांच बालिग और एक नाबालिग दरिंदे ने 23 साल की निर्भया के साथ हैवानियत का जो खेल खेला, उसे जानकर हर देशवासी का कलेजा कांप उठा. वह युवती पैरामेडिकल की छात्रा थी.

निर्भया के दोस्त की पिटाई
दिल्ली में 16 दिसम्बर की उस रात निर्भया फिल्म देखने के बाद अपने पुरुष मित्र के साथ एक बस में सवार होकर मुनिरका से द्वारका जा रही थी. बस में सवार होने के बाद उसने देखा कि बस में केवल पांच से सात यात्री सवार थे. अचानक वे सभी निर्भया के साथ छेड़छाड़ करने लगे. उस पर तंज कसने लगे. बस में उनके अलावा कोई और यात्री नहीं था. निर्भया के मित्र ने इस बात का विरोध किया. लेकिन उन सब लोगों ने उसके साथ भी मारपीट शुरु कर दी. उसे इतना पीटा गया कि वो लड़का बेहोश हो गया.

चलती बस में इंसानियत हुई थी शर्मसार
निर्भया बस में अकेली और मजबूर थी. बस दिल्ली की सड़क पर तेजी से दौड़ रही थी. रात का अंधेरा घना होता जा रहा था. अब वे सारे दरिंदे निर्भया पर टूट पड़े. निर्भया उन दरिंदों से अकेली जूझती रही. उसने देर तक उन वहशी दरिंदों का सामना किया लेकिन वो हार चुकी थी. उन सबने निर्भया के साथ सामूहिक बलात्कार किया. यही नहीं उनमें से एक ने जंग लगी लोहे की रॉड निर्भया के गुप्तांग में घुसा डाली थी. इस हैवानियत की वजह से उसकी आंते तक शरीर से बाहर निकल आईं थी. खून से लथपथ लड़की जिंदगी और मौत से जूझ रही थी. बाद में उन शैतानों ने निर्भया और उसके साथी को दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर के नजदीक वसंत विहार इलाके में चलती बस से फेंक दिया था.

Share This News :