Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
सुकमा: 300 नक्सलियों ने किया अटैक, 25 जवान शहीद, मोदी बोले- बेकार नहीं जाएगी शहादत

छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों से मुठभेड़ में 25 जवान शहीद हो गए. जबकि 7 जवान घायल हो गए. नक्सली जवानों से हथियार भी लूटकर ले गए. गंभीर रूप से घायल जवानों को रायपुर भेजा गया है. सीआरपीएफ के कंपनी कमांडर समेत 6 जवान लापता हैं. गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हमले पर दुख जताया है. 

कब और कैसे हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, सीआरपीएफ के ये जवान सोमवार सुबह गश्त पर निकले थे. दोपहर में जब जवानों टुकड़ी ने एक जगह रुकने की योजना बनाई तो घात लगाए बैठे नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया. जवानों का दस्ता जंगल की तरफ बढ़ रहा था. वो दोरनापाल के पास सड़क निर्माण की गतिविधियों का जायजा लेने के लिए निकले थे. इसी दौरान नक्सलियों ने उन पर हमला किया. बताया जा रहा है कि IED ब्लास्ट के जरिए जवानों को निशाना बनाया गया.

घायल जवान ने कहा- 300 नक्सलियों ने किया हम पर अटैक
सीआरपीएफ के घायल कॉन्सटेबल शेर मोहम्मद ने बताया कि हमलावर करीब 300 की संख्या में थे. जबकि हम करीब 90 जवान थे. शेर मोहम्मद ने बताया, 'मैंने 3-4 नक्सिलयों के सीने में गोली मारी. पहले उन्होंने ग्रामीणों को भेजकर हमारी लोकेशन देखी. फिर करीब 300 नक्सलियों ने हम पर अटैक किया. हमने भी जवाबी हमला किया और कई नक्सलियों को मार गिराया.'

पुलिस ने क्या कहा?
सुकमा के एडिशनल एसपी जितेंद्र शुक्ला ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर ले गए. ये सभी जवान सीआरपीएफ की 74 बटालियन के थे.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायलों के निकालने के लिए एक हेलीकाप्टर भी घटनास्थल के लिए भेजा गया है. मारे गए जवानों के शव एवं घायलों को बाहर निकालने की कार्रवाई जारी है. अधिकारी ने बताया कि घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा जा रहा है.

पीएम नरेंद्र मोदी का ट्वीट
"छत्तीसगढ़ में हुआ हमला दुखद और कायराना हरकत है. हम हालात पर नजर रख रहे हैं. सीआरपीएफ जवानों की बहादुरी पर हमें फख्र है. उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा. शहीद जवानों के परिवारों के लिए मैं संवेदना जाहिर करता हूं."

Share This News :