Home > देश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
मोदी का मजाकः टर्नबुल से बोले- स्मिथ की बैटिंग की तरह हो आपका दौरा

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ हाल में समाप्त हुई टेस्ट सीरीज बॉर्डर-ग्वास्कर ट्रॉफी में ‘डीआरएस’ को लेकर भिड़ गए थे। इस सीरीज में स्टीव स्मिथ ने बहुत दमदार बैटिंग की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की समाप्ति पर मजाकिया लहजे में कहा खुशी है कि उन्होंने और आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल ने जो फैसले किये हैं वे ‘डीआरएस के अधीन’ नहीं आते।

मोदी ने टर्नबुल के साथ द्विपक्षीय बातचीत के बाद जारी बयान में दोनों देशों के बीच संबंधों का मजाकिया लहजे में वर्णन करते हुए क्रिकेट का जिक्र किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि टर्नबुल के देश के दौरे का अंत भी हाल की टेस्ट सीरीज में स्मिथ की बल्लेबाजी फॉर्म की तरह ही सार्थक होगा। पीएम मोदी ने कहा, ‘अभी पिछले महीने हम बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के रोमांचक अंत का गवाह बने।’

उन्होंने कहा, ‘मैंने 2014 में ऑस्ट्रेलियाई संसद में अपने भाषण में महान ब्रैडमैन और तेंदुलकर का जिक्र किया था। आज भारत में विराट कोहली और ऑस्ट्रेलिया में स्टीव स्मिथ क्रिकेट की युवा ब्रिगेड को नया स्वरूप दे रहे हैं। ’ स्मिथ के चार मैचों की सीरीज में 499 रन के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि भारत की आपकी यात्रा भी एक अन्य ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी की तरह ही सार्थक होगी।’

प्रधानमंत्री मोदी और उनके टर्नबुल की बैठक के बाद दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने में सहयोग को बढ़ावा देने वाले एक करार समेत छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं ने पारस्परिक हितों और चिंताओं के विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। टर्नबुल के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मोदी ने कहा कि उन्होंने रिश्तों से संबंधित सभी पहलुओं पर चर्चा की और व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते पर अगले दौर की चर्चा के जल्द आयोजन समेत कई ‘दूरदर्शी’ फैसले किए।

Share This News :