Home > देश विदेश ,slider news,
स्वीडन में भारतीय दूतावास के पास एक शख्स ने भीड़ पर चढ़ाया ट्रक, 3 की मौत

स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में एक शख्स ने अपना ट्रक भीड़ पर चढ़ा दिया. यह घटना भारतीय दूतावास से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई है, जिसमें तीन मौत हो गई है. स्वीडन के प्रधानमंत्री ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.

 

वहीं स्वीडिश पुलिस ने ट्विटर पर इस घटना की जानकारी देते हुए बताया, 'पुलिस को फोन आया कि द्रोटिनिंगटन में एक शख्स ने लोगों पर अपनी गाड़ी चढ़ा दी है.' वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में गोलियां चलने तथा घटनास्थल से धुआं उठने की भी बात कही गई. हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.

 पुलिस ने इलाके को चारो तरफ से घेर लिया है. वहीं चश्मदीदों के मुताबिक, मध्य स्टॉकहोम में उन्होंने हेलीकॉप्टर उड़ते देखा. इसके अलावा घटनास्थल के पास बड़ी संख्या में पुलिस वाहन और ऐम्बुलेंस भेजा गया है. हालांकि पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि यह महज हादसा था या फिर कोई आतंकी हमला.

 इससे पहले फ्रांस के नीस शहर में इसी तरह की एक घटना में एक शख्स ट्रक लेकर भीड़ में घुस गया था. हमलावर ने वहां फ्रेंच नेशनल डे के समारोह देखने जुटी भीड़ को रौंदने के बाद फायरिंग भी की. इस हमले में कम से कम 84 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे.

Share This News :