Home > देश विदेश ,slider news,
चीन का रोनाः 'दलाई लामा कार्ड' खेल रहा भारत, यह कूटनीतिक पैंतरा

तिब्बती बौद्ध धर्मगुरू दलाई लामा के अरूणाचल प्रदेश का दौरा शुरू होने पर चीनी मीडिया ने भारत पर हमला बोला है। अपना पुराना राग अलापते हुए कहा है कि भारत दलाई लामा का इस्तेमाल कर रहा है और चीन विरोधी उसकी गतिविधियां कूटनीतिक पैंतरा है।

चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स में छपे एक लेख में कहा गया है कि दलाई लामा धर्म की आड़ में चीन के खिलाफ पृथकतावादी गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। दलाई लामा को संवेदनशील क्षेत्र में आमंत्रित करने से भारत और चीन के रिश्ते बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

अब से एक महीने पहले चीन ने 81 वर्षीय दलाई लामा के अरूणाचल दौरे को लेकर भारत से आपत्ति जताई थी और अरूणाचल को दक्षिण तिब्बत का हिस्सा होने का दावा किया था।

लेख में आगे कहा गया है कि चीन ने इस मसले पर अपनी आवाज उठाई थी लेकिन भारत ने कहा था कि चीन उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करे। यह बेतुका है।

गौरतलब है कि दलाई लामा की तवांग यात्रा को लेकर चीन की आपत्ति करने पर भारत ने मंगलवार को कड़े तेवर दिखाए। भारत ने चीन से कहा था कि वह हमारे अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप नहीं करे क्योंकि अरूणाचल प्रदेश हमारा अभिन्न हिस्सा है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजीजू ने कहा था कि दलाई लामा की अरूणाचल यात्रा पूरी तरह धार्मिक है और इसका कोई राजनीतिक तात्पर्य नहीं निकाला जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत एक चीन नीति का सम्मान करता है, हम चीन से भी इसी तरह की उम्मीद करते हैं।

उन्होंने कहा कि सभी समुदाय के धार्मिक भावनाओं को स्वतंत्रता दी जानी चाहिए। किसी को भी दलाई के अरूणाचल दौरे से कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।

Share This News :