Home > राज्यो से ,प्रमुख खबरे,
योगी कैबिनेट में RSS: संघ सदस्यों को मिली जगह, जानिए कौन हैं शामिल

मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को भाजपा और उसके मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने काफी संतुलित बताया है। आरएसएस का एजेन्डा लागू करने के लिए संघ काडर के मंत्रियों को तरजीह दी गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के चुनावी वादों को पूरा करने के लिए भाजपा के पुराने और निष्ठावान मंत्री बने नेताओं पर भरोसा जताया है।

इसी तरह विभाग के बंटवारे में मंत्रियों की पसंद और योग्यता का भी ख्याल रखा गया है। मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में दो बातों पर खास ध्यान रखा गया है। एक तो भाजपा व संघ का एजेन्डा लागू करने वाले मंत्री तो दूसरे दलों से आए नेताओं को प्रशासनिक अमले में तेजी लाने वाले विभाग दिए गए हैं। भाजपा सरकार ने पुराने व निष्ठावान संघ कॉडर वाले मंत्रियों को एजेन्डा लागू करने वाले विभाग दिए हैं।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का विद्या भारती संगठन शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद आरएसएस के पास राष्ट्रवादी विचारधारा और शिक्षा का भारतीयकरण करने का मौका अब आया है। इसीलिए संघ पृष्ठभूमि के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा को माध्यमिक शिक्षा और उच्च शिक्षा का कैबिनेट स्तर का विभाग दिया गया है तो बेसिक शिक्षा संघ की महिला विंग की पदाधिकारी अनुपमा जायसवाल को स्वतंत्र प्रभार के रूप में दिया गया है।

आरएसएस के पुरोधा और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह को राज्यमंत्री की हैसियत से बेसिक, माध्यमिक, उच्च और प्रावधिक शिक्षा का विभाग दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के एजेन्डे वाले विभाग लोकनिर्माण विभाग उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को, कृषि के लिए मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संसदीय कार्य विभाग कई बार विधायक रहने के बाद मंत्री बने सुरेश खन्ना, पश्चिम में गन्ना भुगतान को चुनावी मुद्दा बनाने पर पश्चिम से ही आए सुरेश राणा को गन्ना विकास, धर्म पाल सिंह को सिंचाई, बिजली श्रीकांत शर्मा, चिकित्सा व स्वास्थ्य सिद्धार्थ नाथ सिंह, सहकारिता मुकुट बिहारी वर्मा, राजेश अग्रवाल को वित्त, जयप्रताप सिंह को आबकारी, लक्ष्मी नारायण चौधरी को दुग्ध विकास एवं धमार्थ कार्य विभाग दिया गया है।

राजेन्द्र प्रताप सिंह को ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, आशुतोष टंडन को प्रावधिक शिक्षा एवं चिकित्सा शिक्षा, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री महेन्द्र सिंह को ग्रामीण विकास भूपेन्द्र सिंह चौधरी को पंचायतीराज और परिवहन की जिम्मेदारी स्वतंत्रदेव सिंह को सौंपी गई है। पूर्व टेस्ट क्रिकेटर चेतन चौहान को उनकी पसन्द का खेल विभाग दिया गया।

सिस्टम चलाने वाले विभाग दूसरे दलों से आकर विधायक से मंत्री बने स्वामी प्रसाद मौर्य को श्रम एवं सेवायोजन, ब्रजेश पाठक को न्याय, रीता बहु्गुणा जोशी को महिला एवं परिवार कल्याण, दारा सिंह चौहान को वन विभाग, ओम प्रकाश राजभर को पिछड़ा कल्याण, नंद कुमार नंदी को स्टाम्प एवं न्याय शुल्क और एसपी सिंह बघेल को लघु सिंचाई व मत्स्य विभाग का मंत्री बनाया गया। इसी तरह दूसरे दल से आकर मंत्री बनने वाले धरम सिंह सैनी, जिन्हें आयुष विभाग दिया गया।

Share This News :