Home > देश विदेश ,
सीबीएसई ने कक्षा छह से नौ तक परीक्षा पैटर्न बदला

सीबीएसई (सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन) ने कक्षा छह से नौ तक की परीक्षा का पूरा पैटर्न बदल दिया है। अब सीबीएसई के अधीन सभी स्कूलों में नई व्यवस्था के अनुसार परीक्षा से लेकर रिपोर्ट कार्ड तक जारी होगा। अगले सत्र से यह पैटर्न लागू कर दिया जाएगा।

सीबीएसई के अधीन देशभर में 20 हजार से ज्यादा स्कूल पंजीकृत हैं। बोर्ड को छोड़ कक्षा छह से नौ वीं तक स्कूल अपनी सुविधानुसार परीक्षा, मूल्यांकन और रिपोर्ट कार्ड देते हैं। ग्रेड में नंबरों का उल्लेख न होने से दूसरे स्कूल या राज्य में एडमिशन में दिक्कतें आ रही थीं। इसके मद्देनजर सीबीएसई ने देश के सभी स्कूलों में कक्षा छह से नौ वीं तक एक जैसा परीक्षा पैटर्न लागू कर दिया है। इसके तहत कक्षा छह से आठ तक परीक्षा के आयोजन में बदलाव किया गया है। रिपोर्ट कार्ड में ग्रेड के साथ अब अंक भी दिए जाएंगे। जिसमें 32 से 100 अंकों के बीच करीब आठ ग्रेड ए से ई तक दिए जाएंगे। इससे छात्र परीक्षा में मिलने वाले अंकों से अपना मूल्यांकन कर सकेंगे। छह से आठ तक ई ग्रेड वाले छात्र को सुधार की जरूरत मेंसन की जाएगी। जबकि नवीं कक्षा में भी इस तर्ज पर एकेडमिक रिपोर्ट कार्ड में ग्रेड दिए जाएंगे। मगर यहां ई ग्रेड लाने वाले को फेल किया जाएगा। हर रिपोर्ट कार्ड में सीबीएसई का लोगो और स्कूल का लोगो तय स्थान पर छपेगा। सीबीएसई ने तय फॉरमेट में रिपोर्ट कार्ड जारी करने को कहा है।

अब दो परीक्षाएं होंगी
पहले सीबीएसई कक्षा छह से नौ वीं तक वार्षिक परीक्षा का आयोजन करता था। मगर अब अद्र्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें 20 अंक इंटरनल एसेसमेंट और 80 अंक परीक्षा के जोड़े जाएंगे।

एकेडमिक सुधार के लिए यह फैसला लिया गया है। इसमें बच्चों को ग्रेड के साथ परीक्षा में प्राप्त अंकों की जानकारी भी हो सकेगी। इसके अलावा दूसरे स्कूलों में एडमिशन को लेकर आने वाली समस्या भी खत्म हो जाएगी। नए सत्र से यह पैटर्न लागू किया जा रहा है।
- रणवीर सिंह, आरओ, सीबीएसई दून जोन

-देशभर में परीक्षा के मूल्यांकन से लेकर ग्रेड तक में किया बदलाव
-सीबीएसई के सभी स्कूलों में एक ही जैसे निर्धारित प्रारूप में दिए जाएंगे रिपोर्ट कार्ड
-सीबीएसई से जुड़े सभी स्कूलों में अगले सत्र से लागू हो जाएगा पैटर्न

Share This News :