Homeप्रमुख खबरे,
आज यूएन महासभा के मंच से पाक को बेनकाब करेंगी सुषमा

नई दिल्ली। आज उरी हमले में पाकिस्तान की भूमिका को भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने रखेगा। केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज संयुक्त राष्ट्र आम सभा के 71वें सत्र को संबोधित करने न्यूयॉर्क पहुंच गई हैं। उरी हमले में पाकिस्तान की भूमिका और कश्मीर मुद्दे पर सुषमा स्वराज जोर-शोर से भारत का पक्ष दुनियाभर के देशों के सामने रखेंगी।

न्यूयॉर्क पहुंचीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आज जब संयुक्त राष्ट्र की आम सभा को संबोधित करेंगी तो उम्मीद यही है कि वह उरी हमले में पाकिस्तान को पूरी तरह बेनकाब करने की कोशिश करेंगी। साथ ही बुरहान वानी और कश्मीर में मानवाधिकारों का मुद्दा उठाने वाले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बातों का तुर्की बा तुर्की जवाब देंगी।

बीते बुधवार को नवाज शरीफ ने आतंकवादी बुरहान वानी को कश्मीर का नेता बताने और कश्मीर समस्या के लिए भारत को जिम्मेदार बताने की कोशिश की थी, हालांकि वो अपनी चालों में कामयाब नहीं हो सके और लगभग सभी देशों ने एक सुर से आतंकवाद के खिलाफ लड़ने पर जोर दिया। अब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पास मौका है कि वह आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को दुनिया के सामने बेनकाब कर अलग-थलग कर सकें।

सुषमा अपने भाषण के जरिए पाकिस्तान को आतंकवादी देश साबित करने की कोशिश करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शनिवार को अपने भाषण में पाकिस्तान पर तीखा हमला किया था। रविावार को मन की बात में भी उन्होंने पड़ोसी मुल्क को कड़ा संदेश दिया। हालांकि कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के बीच तालमेल की कमी है। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के मुताबिक सुषमा सिर्फ नाम की विदेश मंत्री हैं। सुषमा और पीएम के बीच गैप की वजह से भारत की विदेश नीति असफल हुई है।

हालांकि भारत का कहना है कि आतंकवाद उसके साथ साथ दुनिया भर के लिए चिंता का अहम मुद्दा है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार, विकास, वातावरण परिवर्तन और दुनिया में शांति जैसे मुद्दों पर भी भारत अपनी चिन्ता को इस सत्र में उठाने की कोशिश करेगा।

Share This News :