Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
BJP संसदीय दल की बैठक आज, यूपी-उत्तराखंड के CM के नाम पर लगेगी मुहर

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की शीर्ष ईकाई संसदीय बोर्ड की बैठक आज होगी। इस बैठक में यूपी और उत्तराखंड के सीएम का नाम तय किया जाएगा। पहले यह बैठक शनिवार को होने वाली थी, लेकिन यूपी-उत्तराखंड सहित पांच राज्यों के नतीजों के बाद पार्टी ने तय किया कि रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाएगा और उसके बाद संसदीय बोर्ड की बैठक होगी।

राजनाथ, मौर्य, मनोज सिन्हा यूपी की रेस में

शनिवार को घोषित पांच राज्यों के चुनाव परिणामों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड पूरी तरह भगवा रंग में रंग गया। यूपी में भाजपा ने 311 और उत्तराखंड में 57 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। दोनों ही प्रदेशों में भाजपा ने पहली बार इतनी सीटों पर जीत हासिल की। इस जीत के बाद से गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, दिनेश शर्मा, यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और योगी आदित्यनाथ सीएम पद की रेस में है। हालांकि अंतिम फैसला बीजेपी संसदीय की बैठक में होगा।

ब्लॉगः मोदी नाम केवलम् का मतलब

UP-उत्तराखंड में बीजेपी की सबसे बड़ी जीत, पंजाब में लौटी कांग्रेस

उत्तर प्रदेश में दलों के दावे और एग्जिट पोल एक बार फिर ध्वस्त हो गए। 1991 में मंदिर आंदोलन के वक्त बीजेपी को यूपी में 419 में से 221 सीटें मिली थीं। जबकि कांग्रेस महज 46 सीटों पर सिमट गई थी। जानकारों का मानना है कि इस ऐतिहासिक जीत ने जहां मोदी सरकार के सर्जिकल स्ट्राइक और नोटबंदी के फैसले पर जनता की मुहर लगा दी है वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव की नींव भी रख दी है। पीएम मोदी की प्रतिष्ठा से जुड़ा उनका लोकसभा क्षेत्र काशी भी पूरी तरह केसरिया रंग में रंग गया। यहां सभी आठों सीट पर भाजपा ने परचम लहराया। आजादी के बाद पहली बार किसी पार्टी के गठबंधन ने यहां सभी सीटें जीती हैं।

कांग्रेस का खराब प्रदर्शन

कांग्रेस ने 27 साल के वनवास से उबरने के लिए प्रदेश में तीसरी बार किसी दल से गठबंधन किया था। मगर वह सिर्फ 7 सीटों पर सिमट गई। वहीं, सपा अपने गढ़ को खोने के कगार पर पहुंच गई है। पूर्वांचल के दस जिलों की 61 सीटों में सपा को सिर्फ 12 और बसपा को 7 सीटें मिली हैं। यहां कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो गया। फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा की 13 सीटों में सपा सिर्फ 4 और बसपा 1 सीट हासिल कर सकी। वेस्ट यूपी में रालोद का भी सूपड़ा साफ हो गया। उसे केवल छपरौली की सीट जीत मिली।

उत्तराखंड में भी भाजपा ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया। भाजपा ने पहली बार यहां 57 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस सिर्फ 11 सीटें हासिल कर सकी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 31 जबकि कांग्रेस ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

कांग्रेस को पंजाब ने उबारा

चुनाव परिणामों के लिहाज से पंजाब कांग्रेस के लिए शानदार रहा। भाजपा से कांग्रेस में आए नवजोत सिंह सिद्धू और सीएम पद के दावेदार अमरिंदर सिंह की जोड़ी ने सभी को पीछे छोड़ दिया। चुनाव परिणाम से पहले मजबूत दिख रही ‘आप’ 20 सीटों से ऊपर नहीं जा सकी। अकाली और भाजपा गठबंधन को भी जनता ने सिरे से नकार दिया।

गोवा-मणिपुर में पेंच

गोवा और मणिपुर की बात करें तो यहां पेच फंसता नजर आ रहा है। दोनों ही राज्यों में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। हालांकि कांग्रेस दोनों ही जगह भाजपा से आगे रही। गोवा में कांग्रेस का उभार भाजपा के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। मगर मणिपुर में भाजपा ने 21 सीटें जीतकर कांग्रेस की पेशानी में बल डाल दिए।

Share This News :