Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,
यूपी के लखीमपुर में छेड़खानी को लेकर फिर बवाल, हुआ लाठीचार्ज

भड़काऊ वीडियो के चक्कर में बवाल और उसके बाद कई दिन कर्फ्यू की मार झेल चुका यूपी का लखीमपुर शहर बुधवार दोपहर फिर गरमा गया। छात्रा से छेड़खानी की घटना को लेकर भाजपा सड़कों पर उतर आए और आरोपी को धुन डाला। पुलिस आरोपी को छुड़ाकर ले गई तो पीछे से पहुंची भीड़ ने थाना घेर लिया और जमकर हंगामा किया।

भीड़ की अगुवाई कर रहे सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा की इस दौरान एएसपी जितेन्द्र चौधरी से नोंकझोंक हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। जो मिला, उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भाजपा नेता योगेश भी पुलिस के निशाने पर आ गए। भीड़ को खदेड़े जाने के बाद पुलिस ने योगेश वर्मा उनके और उनके दो समर्थकों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया है।

ट्यूशन जा रही छात्रा से हुई छेड़खानी

लोगों का कहना है कि भाजपा नेता योगेश वर्मा के रिश्तेदार की बेटी दोपहर में ट्यूशन जा रही थी। दूसरे समुदाय के बताए जा रहे एक युवक ने उसकी साइकिल रोककर छेड़खानी की। छात्रा ने शोर मचाया तो राहगीरों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर भाजपा नेता योगेश भी समर्थकों के साथ वहां आ गए।

भीड़ में पुलिस की ढिलाई पर था गुस्सा

कर्फ्यू हटने के बाद भी लखीमपुर शहर में प्रमुख जगहों पर फोर्स तैनात है। इसके बाद भी छेड़खानी की घटना से लोगों में उबाल आ गया। भीड़ जब आरोपी युवक को पीट रही थी, तो सदर कोतवाली पुलिस वहां आ गई और किसी तरह युवक को छुड़ाकर थाने ले गई। पीछे-पीछे योगेश वर्मा भी तमाम लोगों के साथ थाने पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया

एएसपी से भाजपा नेता की कहासुनी

चश्मदीदों के मुताबिक, कोतवाली पर नारेबाजी और प्रदर्शन की सूचना पर एएसपी जितेन्द्र चौधरी वहां पहुंच गए। हंगामे के दौरान भाजपा नेता योगेश वर्मा की एएसपी से कहासुनी हो गई। भीड़ के तेवर देखकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान भाजपा नेता योगेश सहित कई भाजपाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। योगेश समेत तीन लोगों को à¤¹à¤¿à¤°à¤¾à¤¸à¤¤ में ले लिया गया। पता होते ही डीएम आकाश दीप, एसपी मनोज झा समेत तमाम अफसर कोतवाली पहुंच गए। पुलिस ने कुछ घंटे बाद भाजपा नेता और उनके साथियों को छोड़ दिया। योगेश ने रिश्तेदार की बेटी से छेड़खानी के मामले में दो युवकों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरा आरोपी फरार है।

शहर में मची भगदड़, बाजार बंद

छेड़खानी को लेकर बवाल की खबर जैसे ही शहर में फैली, हर तरफ भगदड़ नजर आने लगी। व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए। देखते-देखते बाजार बंद हो गए। अफवाहें फैलने लगीं। तनावपूर्ण हालात के बीच पुलिस अफसर मैदान में उतर आए और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। व्यापारियों से कहकर बाजार खुलवाए जा रहे हैं। फिलहाल लाठीचार्ज को लेकर भाजपाइयों में खासा आक्रोश है।

Share This News :