Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,
यूपीः लखीमपुर शहर में शांति, कस्बों में प्रदर्शन

कर्फ्यू के बीच लखीमपुर शहर में सन्नाटा है मगर अब कस्बे गरमा रहे हैं। दूसरे दिन कस्बों में जगह-जगह बाजार बंद रहे। गुस्साए हिन्दू संगठनों ने पीलीभीत-बस्ती स्टेट हाईवे पर प्रदर्शन किया।

तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। तनाव को देखते हुए शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। विवादित वीडियो वायरल होने के बाद हुए बवाल को संभालने में पुलिस-प्रशासन को पसीना छूट गया है। कर्फ्यू के दूसरे दिन सन्नाटा पसरा रहा और अधिकांश बाजार बंद रहे। निघासन, सिंघाई, धौरहरा समेत कई बाजारों में दुकानें सुबह से ही नहीं खुलीं। कर्फ्यू के चलते इन बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा लेकिन कई इलाकों में उग्र प्रदर्शन हुए। रमिया बेहड़ में लोग सड़कों पर उतर गए। हिन्दू संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया और खूब नारेबाजी की। एक सिपाही पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि सिपाही ने भीड़ के साथ धक्कामुक्की की, हाथापाई की। पड़रिया तुला कस्बे में भी हिन्दू संगठनों ने प्रदर्शन किया। बवाल की आशंका को देखते हुए वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

उधर, पुलिस ने कर्फ्यू के दूसरे दिन धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस ने गोली चलाने के आरोपी नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा नेता विनोद गुप्ता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कमिश्नर भुवनेश कुमार, डीआईजी प्रवीण कुमार, डीएम आकाशदीप, एसपी मनोज झा समेत अन्य अधिकारियों ने कोतवाली में पीस कमेटी के साथ बैठक की। अफसरों ने लोगों से अपील की है कि किसी अफवाह पर ध्यान न दें। शान्ति बनाए रखें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।

विहिप नेता से डीआईजी की नोकझोंक, हंगामा
कोतवाली में पीस कमेटी के साथ अधिकारियों की बैठक में भी हंगामा हो गया। डीआईजी ने विहिप के नेता को डांट दिया। इस पर एक पक्ष के लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोग कोतवाली के बाहर आ गए और नारेबाजी करने लगे। हालात बिगड़ता देख अफसरों के होश उड़ गए। अधिकारी भागे भागे कोतवाली गेट के पास पहुंचे। नारेबाजी कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया गया। तब जाकर दोबारा मीटिंग शुरू हो सकी

Share This News :