Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,
सार्वजनिक स्थानों पर तेलुगु में बात न करें, अमेरिका में भारतीयों को सलाह

तेलंगाना अमेरिकन तेलुगु एसोसिएशन ने अमेरिका में रह रहे भारतीयों को सलाह दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर तेलुगु में बात न करें.
अमेरिका के ओलाथ में गार्मिन कंपनी में काम करने वाले श्रीनिवास कुचिभोटला की पिछले बुधवार रात कैंसस के एक रेस्टोरेंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमले में एक अन्य भारतीय और उनका सहयोगी आलोक मदासानी भी जख्मी हुए थे.
एसोसिएशन ने अपने फ़ेसबुक पेज पर एक बयान में कहा है, ‘हमें अपनी मातृभाषा में बात करना पसंद है मगर कई बार इसे गलत समझा जा सकता है. कृपया हो सके तो सार्वजनिक स्थानों पर अंग्रेजी में ही बात करें.’
संस्था ने इसके साथ ही भारतीयों को सलाह दी है कि वो सार्वजनिक स्थानों पर किसी वाद-विवाद में न फंसें और अगर ऐसा हो तो तुरंत वहां से निकल जाएं.
एसोसिएशन के मुताबिक, ‘अकेले स्थानों पर अक्सर आपको निशाना बनाया जा सकता है. कृपया ऐसी जगहों पर अकेले जाने से बचें.’
श्रीनिवास के पार्थिव शरीर का बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा. श्रीनिवास पर हमला मिसूरी राज्य में कैंसस शहर के आस्टिंस बार एंड ग्रिल में हुआ था. एक अमेरिकी नागरिक इयन ग्रिलो ने जब आरोपी एडम प्यूरिंटन को रोकने की कोशिश की थी तो वह भी घायल हो गए थे.
प्यूरिंटन को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोप है कि प्यूरिंटन ने कुचिभोटला और मदासानी पर गोली चलाने से पहले चिल्लाए थे- ‘मेरे देश से बाहर निकल जाओ’.

Share This News :