Home > देश विदेश ,
पाकिस्तान की नापाक साजिश नाकाम, बीएसएफ ने किया सुरंग का भंडाफोड़

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास सुरंग का पता लगाया है। यह सुरंग पाकिस्तान की तरफ से बनाई गई थी।

बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक धर्मेंद्र पारीक ने बताया कि सुरंग निरोधक अभ्यास के दौरान जवानों ने रामगढ़ सेक्टर में भारतीय सीमा के अंदर बाड़ से पहले करीब 20 मीटर लंबी सुरंग का पता लगाया। इसकी चौड़ाई करीब ढाई फुट की है। उन्होंने बताया कि सुरंग का पता लगने से भारतीय क्षेत्र में आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की पाकिस्तान की साजिश टाल दी गई है।

बीएसएफ अधिकारी के अनुसार, सुरंग का छोर पाकिस्तान की तरफ था और यह भारतीय सीमा से करीब 20 मीटर पहले खत्म होती है। सुरंग अभी तक पूरी नहीं हो सकी थी इससे पहले ही पता लगा लिया गया। कहा कि अब पाक रेंजर्स के अधिकारी के साथ फ्लैग मीटिंग कर सुरंग की बाबत उन्हें अवगत कराया जाएगा।

15 सालों में 8 सुरंगें मिलीं
भारतीय सुरक्षाबलों ने वर्ष 2001 से 2016 के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आठ सुरंगों का पता लगाया है। ये सुरंगें पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा की तरफ बनाई जा रही थीं। पिछले साल 30 नवंबर को सांबा जिले में ही बीएसएफ ने आतंकी घुसपैठ के लिए बनाई सुरंग का पता लगाया था। इससे पहले जुलाई 2012 में भी सांबा में 340 मीटर लंबी और 20 फुट गहरी सुरंग का पता चला था। इसमें सांस लेने के लिए बाकायदा वेंटिलेशन की व्यवस्था की गई थी।

Share This News :