Homeदेश विदेश ,प्रमुख खबरे,slider news,
मोदी, मायावती और राहुल-अखिलेश ने एक दूसरे को कोसा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी नेता हर हथकंडा अपना रहे हैं। सभी पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंके हुए हैं। नेता एक दूसरे खिलाफ जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने यूपी के सीएम अखिलेश यादव को फेल मुख्यमंत्री बताने की कोशिश की। वहीं उनको जबाव देते हुए अखिलेश कहा कि मोदी यूपी को बदनाम कर रहे हैं।

इस मामले में कांग्रेस की ओर से मोर्चा राहुल गांधी संभाल रखा है। उन्होंने मोदी को चुनौती दी कि वे उनसे डरते नहीं हैं। मायावती ने भी मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि बीजेपी से सावधान रहे और वोट बीएसपी के पक्ष में जा रहे हैं।

मोदी ने अखिलेश पर हमला बोला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपी को बहुत बुरे दिन दिखाए हैं। सीएम कहते हैं कि उनका काम बोलता है मगर सच्चाई तो ये है कि उनके कारनामे बोलते हैं। अपनी विफलता छिपाने को उन्होंने कांग्रेस से गठबंधन किया मगर यूपी में हार नहीं बचा पाएंगे। यूपी के नतीजे विरोधियों को आइना दिखा देंगे। प्रधानमंत्री शनिवार को बदायूं के दातागंज मोड़ मैदान पर चुनावी रैली को सम्बोधित कर रहे थे।

पीएम मोदी ने कहा कि पांच साल पहले अखिलेश गांव-गांव जाकर कहते थे कि बसपा सरकार भ्रष्ट है। सत्ता में आने के बाद वह सब को जेल भेज देंगे। मायावती के करीबी जिन अफसरों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे, अखिलेश ने सरकार बनते ही उनको अच्छे पद पर बिठाया और 10 गुना भ्रष्टाचार के दरवाजे खोल दिए। जनता बताए कि नोएडा- ग्रेटर नोएडा में ऐसे अधिकारियों को बिठाया था कि नहीं। उनको बाद में सीबीआई ने जेल भेजा कि नहीं। वो जो गरीब और ईमानदारों को लूटते हैं, उनको मुझ पर गुस्सा क्यों आता है।

राहुल ने कहा, मोदी से नहीं डरता
यूपी के रामपुर के बिलासपुर में राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि मोदी जी कहते है कांग्रेस की जन्मपत्री उनके पास है, मैं कहता हूं कि वो जन्मपत्री निकालें, मैं उनसे नहीं डरता हूं। राहुल ने आगे कहा कि मैंने अखिलेश जी को सुझाव दिया है कि युवा हमारी सरकार बना रहे हैं, हमें इनके बारे में सोचना है।

उन्होंने कहा कि मोदीजी बहुत जल्दी देश के 50 उद्योगपतियों के 6 लाख करोड़ के कर्ज माफ करेंगे लेकिन आम लोगों के लिए कुछ नहीं करेंगे। मैंने पीएम से कहा कि जैसे आपने उद्योगपतियों के लोन माफ़ कर दिए, किसानों का कर्ज माफ कर दो, मोदी जी चुप्पी साध गए।

यूपी को बदनाम कर रहे हैं पीएम: अखिलेश
बदायूं में रैली के मंच से प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए तो मुख्यमंत्री ने बरेली के देवरनिया की रैली में इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बदायूं को बदनाम करने में केंद्र सरकार ही हाथ है, जबकि कटरा रेप और मर्डर कांड की जांच में सच्चाई कुछ और ही निकली।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भाजपा शासित राज्यों का रिकार्ड निकलवाकर देखें तो पता चल जाएगा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था खराब है या बाकी राज्यों का। देवरनिया की रैली में अखिलेश यादव ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर हमला बोलते हुए कहा कि हाथी वालों से बच के रहना। अगर दोबारा सरकार में आ गए तो और बड़े हाथी बना देंगे।

बीजेपी से रहें सावधान: मायावती
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने शनिवार को यहां भाजपा से सावधान रहने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के चुनाव में जो रुझान मिले हैं, उसमें हाथी पर झमाझम वोट बरसे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा फिर सरकार बनाएगी और हाथी की लहर पश्चिम से पूरब तक जाएगी।

सहारनपुर स्थित पोसमोस कॉलोनी के ग्राउंड पर आयोजित रैली में बसपा सुप्रीमो कार्यकर्ताओं में जोश भर गईं। करीब 1.40 बजे वह मंच पर आईं और करीब दो बजे उन्होंने अपना भाषण शुरू किया। लोगों से खचाखच भरे ग्राउंड को देख मायावती गदगद हो गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भी पूरा जोश देखने को मिला।

Share This News :