Home
नवी मुंबई में सेना की वर्दी में दिखे 4 संदिग्ध, हाई अलर्ट, जांच में जुटी नेवी-एटीएस

नवी मुंबई के उरन इलाके में सेना की वर्दी में चार संदिग्धों के देखे जाने की खबर है। स्कूल छात्रों ने पुलिस को बताया कि चार लोग आर्मी की ड्रेस में कंधे पर कुछ लादे हुए थे। इस बात की जानकारी मिलने के बाद नवी मुंबई पुलिस और एटीएस अलर्ट हो गई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, रायगढ़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा सभी पश्चिमी नेवी कमांड हाई अलर्ट पर है। उरन में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
महाराष्ट्र के डीजीपी सतीश माथुर ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गंभीरता से इस पर नजर बनाए हुए है और सर्च ऑपरेशन जारी है। माथुर के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजकर 30 मिनट पर ये संदिग्ध देखे गए। एक छात्रा ने चार संदिग्धों को आर्मी के ड्रेस में देखा, वहीं एक छात्र ने बताया कि उनमें से एक ने पठानी सूट पहना हुआ था।
वहीं नवी मुंबई के जॉइंट सीपी मधुकर पांडे ने सीएनएन न्यूज 18 को बताया कि एक बच्ची ने इन संदिग्ध लोगों को देखा है। हम इसकी जांच कर रहे हैं। पुलिस और एटीएस के अलावा नेवी और कोस्ट गार्ड भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। इसके लिए हेलीकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है। नेवल बेस को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा वायुसेना भी अलर्ट पर है।
हाई अलर्ट के बाद सभी कोस्टल इलाकों के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है, कॉम्बिंग ऑपरेशन किया जा रहा है। मुंबई के सबसे वीआईपी इलाके मालाबार हिल की तरफ जाने वाले कोस्टल रोड पर पुलिस का बंदोबस्त बढ़ा दिया गया है। यहां जारी नाकाबंदी का जायजा लेते हुए पुलिस ने उरन में देखे गए संदिग्धों के पूरे घटनाक्रम बताया है। मामले की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उरन में सभी स्कूलों को बंद करवा दिया गया है।

Share This News :