Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,
कानपुर में ​निर्माणाधीन इमारत गिरी, 5 मजदूरों के मरने की पुष्टि, प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- 20 शव निकले

कानपुर के जाजमऊ इलाके में निर्माणाधीन इमारत गिरने से पांच मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए. 50 से ज्यादा मजदूर अभी भी दबे हुए हैं. घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने अभी तक 5 लोगों के मरने की पुष्टि की है, वहीं प्रत्यक्षदर्शी मरने वालों की संख्या 20 बता रहे हैं. मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है.
एसएसपी आकाश कुलहरि ने कहा कि बिल्डिंग में निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान दुर्घटना हुई है. पुलिस की सभी टीमों को राहत कार्य में लगा दिया गया है. वहीं डीएम कानपुर ने 5 मजदूरों के मरने की पुष्टि की है. उधर राहत कार्य के लिए सेना की टीमें भी पहुंच गई हैं. उन्होंने पूरे इलाके को सील करना शुरू कर​ दिया है. सेना की दो कंपनियों को राहत में लगाया गया है.
मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि सपा के नेता मेहताब आलम की टेनरी का निर्माण हो रहा था. इसी दौरान अचानक धमाके साथ बिल्डिंग गिर गई. इस कारण आसपास के मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. जानकारी के अनुसार उस समय करीब 100 से ज्यादा मजदूर बिल्डिंग में काम कर रहे थे.
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अफसर मौके पर पहुंच गए हैं. राहत कार्य शुरू हो गया है. वहीं स्थानीय लोग भी अपने स्तर से राहत कार्य चला रहे हैं.
मौके पर राहत कार्य के लिए आठ जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं. चार गैस कटर्स से राहत कार्य चलाया जा रहा है. अभी तक नौ से दस लोग ही निकाले जा चुके हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कानपुर के जिलाधिकारी ने अस्पतालों को एलर्ट कर​ दिया गया है.

Share This News :