Home > देश विदेश ,
बर्फीले तूफान में पांच और जवानों ने दम तोड़ा, शहादत पाने वालों की संख्या हुई 20

कश्मीर घाटी में नियंत्रण रेखा से लगते माछिल सेक्टर में बर्फीले तूफान से बचाए गए पांच और जवानों ने आज दम तोड़ दिया. पांचों जवानों को शनिवार को तूफान से बाहर निकाल कर श्रीनगर लाया गया था, लेकिन उनकी हालत काफी नाजुक थी. आखिरकार आज पांचों जवान शहीद हो गए. अब बर्फीले तूफान में शहीद होने वाले जवानों की संख्या 20 हो गई है.

कश्मीर घाटी में घने कोहरे और रुक-रुककर हो रही बर्फबारी के चलते अभी तक जवानों के पार्थिव शरीर श्रीनगर नहीं लाए जा सके हैं. साथ ही गुरेज में उड़ान योग्य मौसम नहीं होने के कारण बीते सप्ताह हिमस्खलन की चपेट में आकर शहीद हुए जवानों के पार्थिव शरीर भी इलाके से निकाले नहीं जा सके हैं. इस बीच भारतीय सेना की एविएशन कोर के पायलट लगातार यह प्रयास कर रहे हैं कि शहीदों के शवों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके.

इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि शनिवार सुबह माछिल में सेना की एक चौकी की ओर जाने वाला एक बर्फीला रास्ता धंस गया, जिससे पांच जवान अंदर ही फंस गए. सैनिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया था.

इससे पहले भी जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में बर्फीले तूफान की चपेट में आने से 14 जवान शहीद हो गए थे। बता दें कि बुधवार शाम को गुरेज सेक्टर में बर्फीले तूफान की चपेट में सेना का कैंप आ गया था. इस तूफान से हुए हिमस्खलन में 15 जवान बर्फ में दब गए थे, जिसमें से सिर्फ एक जवान को बचाया जा सका था.

कश्मीर घाटी में बुधवार से हिमस्खलन और हिमपात से जुड़ी कई घटनाओं में अब तक 20  à¤œà¤µà¤¾à¤¨à¥‹à¤‚ सहित कुल 21 लोग दम तोड़ चुके हैं. मौसम विभाग की ओर से भी राज्य में अभी भारी हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है.

Share This News :