दतिया विधायक मामले में बोले मंत्री विश्वास सारंग- भ्रष्टाचारी को सजा मिली, कांग्रेस पर साधा निशाना
दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद सियासत तेज हो गई है। इस मामले में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मंत्री सारंग ने कहा कि विधानसभा सचिवालय द्वारा की गई कार्रवाई पूरी तरह न्यायसंगत और विधिसंगत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब हर संवैधानिक प्रक्रिया का विरोध करने की आदी हो चुकी है। एक ओर कांग्रेस नेता संविधान की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व विधायक पीसी शर्मा विधानसभा के सदस्य नहीं होने के बावजूद असंवैधानिक तरीके से विधानसभा परिसर में पहुंचे और एक “भ्रष्टाचारी” को बचाने की कोशिश की, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। मंत्री सारंग ने बताया कि राजेंद्र भारती का मामला गंभीर भ्रष्टाचार से जुड़ा है। यह प्रकरण उस समय का है जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भारती ने अपनी माताजी के खाते के माध्यम से करोड़ों रुपये की हेराफेरी की और अदालत को भ्रमित करने का भी प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मामले की सुनवाई दिल्ली की अदालत में हुई, जहां सबूतों के आधार पर भारती को दोषी ठहराया गया और उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया।