“घंटा” टिप्पणी के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सोशल मीडिया पर ट्रोल, बयान का असर अब भी बरकरार
ग्वालियर। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा और आलोचना के केंद्र में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एनडीटीवी के एक पत्रकार द्वारा पूछे गए सवालों पर मंत्री का रुख तीखा दिखाई दिया। बातचीत के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कथित तौर पर कहा, “फोकट सवाल मत करो, घंटा होकर आए हो”।
इस टिप्पणी पर पत्रकार ने तत्काल आपत्ति दर्ज कराई थी। मंत्री की इस भाषा को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं और इसके बाद से ही वे विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर ट्रोल किए जाने लगे। आम नागरिक लगातार टिप्पणियों के माध्यम से अपनी असहमति और नाराज़गी जाहिर कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार सुबह मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर भगवान महाकाल से संबंधित एक धार्मिक पोस्ट साझा की गई। इस पोस्ट पर भी बड़ी संख्या में यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए आरोप लगाया कि मंत्री अब धार्मिक आस्था का सहारा ले रहे हैं, वहीं कुछ लोगों ने उनसे सार्वजनिक रूप से इस्तीफा देने की मांग भी की।
हालांकि यह उल्लेखनीय है कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय स्वयं को धार्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति मानते हैं और सोशल मीडिया पर धार्मिक विषयों से जुड़े पोस्ट साझा करना उनके लिए नया नहीं है। इससे पूर्व भी वे समय-समय पर इस प्रकार की धार्मिक पोस्ट साझा करते रहे हैं।
फिलहाल, पत्रकार से हुई बातचीत में प्रयुक्त शब्दों को लेकर विवाद बना हुआ है और सोशल मीडिया पर मंत्री के प्रति प्रतिक्रियाओं का सिलसिला लगातार जारी है।