Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,
मंदिर में दर्शन करने पहुंचेंगी उमा, कांग्रेसी करेंगे आगवानी, बीजेपी बनाएगी दूरी

छिंदवाड़ा। केंद्रीय मंत्री व बीजेपी की वरिष्ठ नेता उमा भारती शनिवार को छिंदवाड़ा के सिमरिया स्थित हनुमान मंदिर पर दर्शन करने पहुंचेंगी। केंद्रीय मंत्री का दौरा यूं तो निजी है, लेकिन उनके इस दौरे से जिले की सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस के जिला कार्यालय से केंद्रीय मंत्री की आगवानी की प्रेस विज्ञप्ति जारी होने से भाजपा नेताओं में खलबली मच गई है।

कांग्रेस नेताओं के आगवानी करने की जानकारी लगते ही भाजपा नेताओं ने पूरे मामले से दूरी बनाना शुरू कर दिया है। अब भाजपा नेता और जिला प्रशासन यह कहकर विवादों से बचने की कोशिश कर रहे हैं कि केंद्रीय मंत्री के दौरे के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इधर, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे का कहना है कि हमारे नेता कमलनाथ का आदेश है कि केंद्रीय मंत्री हमारी अतिथि हैं, इसलिए उनका स्वागत किया जाए। हम लोग तो उनके आदेश का पालन करेंगे।

101 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा के दर्शन करेंगी

केंद्रीयमंत्री उमा भारती शनिवार को नागपुर के रास्ते सुबह 11 बजे सिमरिया हनुमान मंदिर में पहुंचेगी। भारती 101 फीट ऊंची श्री हनुमान जी की प्रतिमा एवं गर्भगृह में स्थापित आराध्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना करेंगी। केंद्रीय मंत्री उमा भारती के सिमरिया आगमन पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे कार्यकर्ताओं के साथ अगवानी करेंगे। मालूम हो कि इससे पहले सिमरिया स्थित हनुमान मंदिर के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी दर्शन कर चुके हैं।

कांग्रेसी इसलिए करेंगे उमा भारती की आगवानी

जिस हनुमान मंदिर पर उमा भारती दर्शन के लिए पहुंच रही हैं, उसके निर्माण में स्थानीय सांसद कमलनाथ का बहुत बड़ा योगदान है। चूंकि कांग्रेसी एक भक्त के तौर के पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती की आगवानी करेंगे। कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने केंद्रीय मंत्री के इस दौरे को राजनीतिक सद्भाव का उदाहरण भी बताया है।

कांग्रेस नेता आगवानी करेंगे, इस बारे में जानकारी नहीं

मैं निजी कार्यक्रम के कारण बाहर हूं, इसलिए स्वागत करने नहीं जा सकूंगा। वैसे भी केंद्रीय मंत्री निजी कार्यक्रम के तहत मंदिर जा रही हैं, लिहाजा इसके राजनीतिक मायने निकालना बेकार है। कांग्रेस नेता आगवानी करेंगे, इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।

 

चौधरी चंद्रभान सिंह, विधायक बीेजेपी

 

हमारी ओर से कार्यक्रम तय नहीं किया है

 

मैं फिलहाल भोपाल में हूं। मुझे केंद्रीय मंत्री के दौरे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल हमारी ओर से कोई कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।

 

नरेंद्र परमार, जिला अध्यक्ष, भाजपा

 

उमा भारती का दौरा राजनैतिक सद्भाव का उदाहरण

 

केंद्रीय मंत्री निजी कार्यक्रम के तहत यहां आ रही है। शिष्टाचार के तहत हम लोग उनकी आगवानी करेंगे। उमा भारती का दौरा राजनैतिक सद्भाव का उदाहरण है। हमारे नेता कमलनाथ का आदेश है, उसका पालन कर रहे हैं।

 

विश्वनाथ ओक्टे, कार्यकारी जिला अध्यक्ष कांग्रेस

Share This News :